घाटमपुर में गैस सिलेंडर में लगी आग, बाइक समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख

0
आग से बाइक व घर का बाकी सामान भी जल गया

आग से बाइक व घर का बाकी सामान भी जल गया

CENTRAL NEWS DESK( अभिनव अवस्थी): घाटमपुर कस्बे में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर और एक मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई।

घटना के समय घर के लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटनास्थल का निरीक्षण करते उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह

आग पीड़ित परिवार से मिले एसडीएम

अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और नुकसान का जायजा लिया। आग से परिवार की पूरी गृहस्थी नष्ट हो जाने पर एसडीएम ने संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

तत्काल राशन उपलब्ध कराने के निर्देश

एसडीएम ने क्षेत्र के कोटेदार को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार के लिए तत्काल खाने-पीने के राशन और जरूरी सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर संभव मदद के लिए परिवार के साथ खड़ा है। इसके अलावा मामले में संबंधित लेखपाल की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम ने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और जल्द ही राहत राशि जारी किए जाने की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचती तो आग आसपास के अन्य मकानों तक भी फैल सकती थी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *