एशियन गेम्स में 28 साल बाद भारत को वेटलिफ्टिंग मेडल, मीराबाई चानू ने जीता सिल्वर; रोशिबिना देवी फाइनल में
CENTRAL NEWS DESK: एशियन गेम्स में भारत को वेटलिफ्टिंग में 28 साल बाद पदक मिला है। स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने महिलाओं की 49 किग्रा कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले 1998 में कर्णम मल्लेश्वरी ने भारत के लिए वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीता था।
मीराबाई ने कुल 198 किग्रा वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 87 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 11 किग्रा वजन उठाया। यह एशियन गेम्स में मीराबाई का पहला पदक है। मीराबाई चानू ने सिल्वर मेडल जीतने के बाद कहा कि यह सपना सच होने जैसा है। मीराबाई ओलंपिक से लेकर वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे हर बड़े इवेंट में मेडल जीत चुकी थीं लेकिन एशियाड में वह अब तक पोडियम फिनिश से दूर थीं।
मीराबाई ने रचा इतिहास
32 साल की मीराबाई चानू अब ओलिंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स में पदक जीतने वाली भारतीय वेटलिफ्टर बन गई हैं। एशियन गेम्स में उनके सिल्वर मेडल के साथ ही भारत ने वेटलिफ्टिंग में लंबे इंतजार के बाद पदक हासिल किया है।
रोशिबिना देवी ने फाइनल में बनाई जगह
भारत की रोशिबिना देवी ने महिला 60 किग्रा सांडा के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में उन्होंने इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को दो राउंड में अंकों के आधार पर हराया। रोशिबिना का फाइनल मुकाबला चीन की झांग शियाओयू से होगा। वह इससे पहले हांगझोउ एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। इस बार भी उनका कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो गया है।
शूटिंग में भारत को दो ब्रॉन्ज
एशियन गेम्स के चौथे दिन शूटिंग में भारत को दो ब्रॉन्ज मेडल मिले। महिला स्कीट टीम इवेंट में रायजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की टीम 331 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। पुरुष स्कीट टीम इवेंट में अनंतजीत सिंह नारुका, मैराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल ने शूट-ऑफ में कजाकिस्तान को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

मनु भाकर मेडल से चूकीं
महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर पांचवें स्थान पर रहीं और पदक जीतने से चूक गईं। अपने पूर्व कोच जसपाल राणा को याद करते हुए वह मीडिया से बातचीत के दौरान भावुक हो गईं। महिला टीम इवेंट में भी भारत का स्कोर वियतनाम के बराबर रहा, लेकिन परफेक्ट 10 की संख्या कम होने के कारण भारतीय टीम ब्रॉन्ज मेडल से चूक गई।
बैडमिंटन में भारत को ब्रॉन्ज
भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला। भारत के लिए सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने एक मुकाबला जीता, लेकिन लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी के सिंगल्स मुकाबले हारने के बाद चीन ने बढ़त बना ली।

महिला हॉकी टीम की लगातार तीसरी जीत
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत ने थाईलैंड को 20-1 से हराया। इस मुकाबले में दीपिका ने 9 गोल किए। नवनीत कौर ने 4 और रुतुजा पिसल ने 3 गोल किए। इस जीत के साथ भारतीय टीम अपने पूल में शीर्ष पर बनी हुई है।

मेडल टैली में भारत 13वें स्थान पर
एशियन गेम्स में भारत अब तक 1 गोल्ड, 5 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज समेत कुल 12 पदक जीत चुका है। भारत मेडल टैली में 13वें स्थान पर है। चीन 47 गोल्ड मेडल के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
