मुंबई में BMW फ्लाईओवर से 75 फीट नीचे गिरी: 3 युवकों की मौत, 1 गंभीर घायल; चारों की उम्र 17 से 23 साल

0
6aaf612b31db5-mumbai-coastal-road-accident-202930667-16x9

CENTRAL NEWS DESK: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह करीब 5:20 बजे तेज रफ्तार BMW फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। चारों की उम्र 17 से 23 साल के बीच बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी।

तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराई BMW

पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर ने कार पर से कंट्रोल खो दिया। इसके बाद BMW फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराई और करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें BMW तेज रफ्तार में फ्लाईओवर से नीचे गिरती दिखाई दे रही है।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने BMW की जांच कर जरूरी सैंपल भी जुटाए।

तीन की मौत, एक का अस्पताल में इलाज

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान आदित्य ओसवाल (23) के तौर पर हुई है।

चारों को इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल आदित्य ओसवाल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चारों बताए जा रहे हैं स्टूडेंट

पुलिस के मुताबिक, चारों युवक स्टूडेंट थे। शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ते थे। शनाय अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में PG में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, जिस BMW से हादसा हुआ वह शनाय के परिवार की बताई जा रही है।

CCTV में फ्लाईओवर से नीचे गिरती दिखी BMW

हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में BMW तेज रफ्तार में फ्लाईओवर से नीचे गिरती दिखाई दे रही है। हादसा इतना तेज था कि फ्लाईओवर पर लगा बोर्ड भी टूट गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम हादसे की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा

मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड रोड है। यह साउथ मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। पुलिस अब हादसे से जुड़े CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है, ताकि हादसे की पूरी वजह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed