पत्नी की हत्या के बाद सिर फ्रिज में छिपाया, पति अरेस्ट, कोर्ट जाते वक्त बोला- ‘कोई पछतावा नहीं’
CENTRAL NEWS DESK: असम के गुवाहाटी में 25 वर्षीय महिला की बेहद वीभत्स हत्या का मामला सामने आया है। बेसिष्ठापुर इलाके के एक किराये के फ्लैट में रिया तालुकदार गोस्वामी का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, महिला का सिर काटकर उसे काले पॉलीथिन में लपेटकर फ्रिज में रखा गया था। उसके कुछ अंगुलियां भी कटी हुई मिलीं।
इस मामले में रिया के पति रामानुज गोस्वामी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह आत्मसमर्पण करने के बाद पुलिस की हिरासत में है। पुलिस के मुताबिक, उसने हत्या की बात कबूल की है। मामले की जांच अभी जारी है और हत्या की पूरी वजह की पुष्टि की जा रही है।
दुर्गंध से खुला खौफनाक राज
पुलिस के अनुसार, घटना का पता तब चला जब फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। टीम मौके पर पहुंची तो फ्लैट में महिला का शव मिला और तलाशी के दौरान फ्रिज से उसका कटा हुआ सिर बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से एक हथियार भी जब्त किया है, जिसके हत्या में इस्तेमाल होने का संदेह है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत और चोटों से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
शादी को हुए थे करीब एक साल
रिपोर्टों के मुताबिक, रिया और रामानुज की शादी सितंबर 2025 में हुई थी। दोनों गुवाहाटी में एक साथ रह रहे थे। पुलिस को शुरुआती जांच में दोनों के बीच विवाद और झगड़े की जानकारी मिली है। कुछ रिपोर्टों में पति की ओर से पत्नी के कथित विवाहेतर संबंध को लेकर शक किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस अभी इस पहलू की जांच कर रही है।
पड़ोसियों के हवाले से रिपोर्टों में कहा गया है कि दंपती के बीच घटना से पहले झगड़ा हुआ था और घर से चीखने की आवाजें भी सुनाई दी थीं। इसके बाद रामानुज घर से चला गया और फ्लैट बाहर से बंद कर दिया गया था।
पुलिस रिमांड में आरोपी, सामने आया नया दावा
8 सितंबर के ताजा अपडेट के मुताबिक, रामानुज को अदालत में पेश किया गया और उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। कोर्ट ले जाते समय उसने पत्रकारों से बात करते हुए कथित तौर पर कहा कि उसे किए गए अपराध का कोई पछतावा नहीं है और उसने माफी मांगने से भी इनकार किया।
आरोपी ने एक ऐसे व्यक्ति को भी धमकी दी, जिसे उसने अपनी पत्नी का ‘शुगर डैडी’ बताया। उसने कहा कि जेल की सजा पूरी करने के बाद वह उस व्यक्ति को भी मार देगा। पुलिस अब आरोपी के इस दावे की भी जांच कर रही है।
पुलिस खंगाल रही पूरी कहानी
पुलिस आरोपी के बयान, घटनास्थल से मिले सबूत, हथियार और दंपती के बीच हुए विवाद की कड़ियों को जोड़ रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या वास्तव में कब और किस परिस्थिति में हुई।
फिलहाल पुलिस ने हत्या के पीछे के मकसद को लेकर किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने और फोरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
