चेन्नई में अभिनेत्री की हत्या के बाद लाश के किए टुकड़े, 11,700 टन कचरा छाना फिर टैटू से खुला राज
CENTRAL NEWS DESK: चेन्नई में वर्ष 2019 में सामने आया एक खौफनाक हत्या का मामला आज भी चर्चा में है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्लास्टिक की बोरियों में महिला के शरीर के कटे हुए अंग मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी पहचान करना थी। शव का सिर और बायां हाथ गायब था, इसलिए चेहरा पहचानना भी संभव नहीं था।
पुलिस ने महिला की पहचान के लिए करीब 11,700 टन कचरा छाना, लेकिन कई दिनों तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला। आखिरकार महिला के दाएं हाथ पर बने शिव-पार्वती और ड्रैगन के टैटू ने पूरी गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
कचरे के ढेर से मिले शरीर के टुकड़े
जनवरी 2019 में पल्लीकरनई डंपयार्ड के पास एक राहगीर ने कचरे की बोरी से इंसानी उंगलियां बाहर निकली देखीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान कटे हुए हाथ-पैर मिले। इसके बाद चेन्नई के अलग-अलग इलाकों से महिला की हड्डियां और अन्य अंग भी बरामद किए गए। फोरेंसिक जांच में पता चला कि सभी अंग एक ही महिला के थे, जिसकी उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच थी।
लेकिन महिला का सिर और बायां हाथ नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया।
11,700 टन कचरे में तलाश
पुलिस को आशंका थी कि डंपयार्ड में शव के अन्य हिस्से भी हो सकते हैं। इसके बाद बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया। करीब 11,700 टन कचरे की छानबीन की गई। पुलिस ने महिला की पहचान के लिए कई गुमशुदगी की शिकायतों की जांच की, लेकिन शुरुआती दौर में कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
दो टैटू ने बदली जांच की दिशा
जांचकर्ताओं ने शरीर पर मौजूद पहचान के निशानों पर ध्यान देना शुरू किया। बरामद दाएं हाथ पर दो खास टैटू मिले। इनमें एक शिव-पार्वती का था, जबकि दूसरा ड्रैगन का। हाथ में मौजूद चूड़ी और दूसरे गहने भी जांच का अहम हिस्सा बने। इसी दौरान थूथुकुडी में एक महिला ने अपनी 37 वर्षीय बेटी संध्या के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
संध्या चेन्नई में अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती थी और कथित तौर पर फिल्म जगत में अभिनेत्री के तौर पर पहचान बनाने की कोशिश कर रही थी।
मां ने टैटू और गहनों से की पहचान
पुलिस ने संध्या के परिवार को बरामद हाथ पर बने टैटू और गहने दिखाए। उसकी मां ने शिव-पार्वती के टैटू, तिल और गहनों को पहचान लिया। इसके बाद डीएनए जांच से भी महिला की पहचान संध्या के रूप में होने की पुष्टि हुई। इस तरह बिना सिर वाली गुमनाम लाश को आखिरकार पहचान मिल गई।
पति पर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, संध्या के पति बालकृष्णन के बयान में पूछताछ के दौरान कई विसंगतियां मिलीं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। जांच के मुताबिक, 19 जनवरी 2019 की रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोप लगाया कि बालकृष्णन ने इसी दौरान संध्या की हत्या कर दी और अगले दिन शव के टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।
घर से मिले खून के निशान और हथियार
जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर घर से शव काटने में इस्तेमाल तेज हथियार और प्लास्टिक की बोरियां बरामद कीं। घर के फर्श पर खून के निशान मिलने की बात भी सामने आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। जांचकर्ताओं के मुताबिक फुटेज में बालकृष्णन देर रात बाइक से कुछ बोरियां ले जाता दिखाई दिया था।
घरेलू विवाद और आर्थिक परेशानी भी जांच में सामने आई
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संध्या ने वर्ष 2018 में घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी, हालांकि बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया था। पुलिस के अनुसार, बालकृष्णन आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था और फिल्म बनाने के लिए संध्या के परिवार से आर्थिक मदद मांग रहा था। वहीं संध्या अपने अभिनय करियर को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही थी।
सिर और बायां हाथ आज भी नहीं मिला
पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाने का दावा किया, लेकिन संध्या का सिर और बायां हाथ कभी बरामद नहीं हो सका. जिस हत्या में पहचान मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंके गए थे, उसी मामले में एक साधारण सा टैटू पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गया। शिव-पार्वती और ड्रैगन के टैटू ने उस गुमनाम शव को पहचान दिलाई और जांच को कथित हत्यारे तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
