पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल, युवक की मौत से भड़की भीड़ ने बस और पुलिस की गाड़ियों में लगाई आग
CENTRAL NEWS DESK: पटना में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हो गया। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी और कई वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
मृतक की पहचान स्थानीय निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।
बस में आग लगाने के बाद पुलिस की गाड़ियों को भी बनाया निशाना
हादसे से नाराज लोगों ने पहले यात्री बस को आग के हवाले कर दिया। बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भीड़ ने एनएच-30 से गुजर रहे कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आक्रोशित भीड़ के सामने स्थिति संभालना मुश्किल हो गया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को भी पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान पुलिस की दो गाड़ियों समेत अन्य वाहनों में भी आग लगा दी गई।
पांच थानों की पुलिस पहुंची, तब संभली स्थिति
हालात बिगड़ने की सूचना के बाद आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। करीब पांच थानों की पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू हुई। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई शुरू की गई।
मीडियाकर्मी से मारपीट, गाड़ी में भी लगाई आग
हंगामे के दौरान मौके पर कवरेज करने पहुंचे एक मीडियाकर्मी के साथ भी मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। उसकी गाड़ी में भी आग लगा दी गई।स्थिति इतनी तनावपूर्ण थी कि आग बुझाने के लिए पहुंचे दमकलकर्मियों और अग्निशमन दल को भी अपनी जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी और बढ़ गई।
एनएच-30 पर लगा लंबा जाम
हादसे और आगजनी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और बड़ी संख्या में यात्री जाम में फंस गए। कड़ी धूप के बीच घंटों यातायात प्रभावित रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की ओर से सड़क से जले हुए वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने का प्रयास किया गया।
चालक बस छोड़कर फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज रफ्तार यात्री बस ने मनीष कुमार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
