पाकिस्तान में पुलिस स्टेशन के बाहर आत्मघाती हमला, 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 की मौत, 22 घायल
CENTRAL N EWS DESK: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को एक पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती हमले में 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका उस समय हुआ, जब पास के काबल चौक पर आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली आयोजित की जा रही थी।पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, स्वात के जिला पुलिस अधिकारी उमर खान ने बताया कि एक संदिग्ध युवक काबल पुलिस स्टेशन के मुख्य द्वार तक पहुंच गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। इससे पहले कि पुलिस उसे काबू कर पाती, उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।
शांति रैली के दौरान मची अफरा-तफरी
धमाके के समय काबल चौक पर आतंकवाद के विरोध में बड़ी संख्या में लोग शांति रैली में शामिल थे। विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को तुरंत सैदू शरीफ टीचिंग अस्पताल पहुंचाया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और मामले की जांच जारी है।

प्रदर्शनकारियों ने आतंकवाद के खिलाफ उठाई थी आवाज
रैली में शामिल लोगों ने स्वात में बढ़ती आतंकी घटनाओं पर चिंता जताई और सरकार से आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनका उद्देश्य क्षेत्र में शांति बहाल करना और आतंकवाद का पूरी तरह खात्मा करना है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन शांतिपूर्ण नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करता है, जबकि पहाड़ी इलाकों में आतंकी संगठन खुलेआम सक्रिय हैं।
राष्ट्रपति जरदारी ने दिए जांच के आदेश
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि उन्होंने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं, खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने भी पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) से रिपोर्ट तलब की है और कहा कि शांति के दुश्मनों को उनके मंसूबों में कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा। प्रांत के गवर्नर ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवादी ऐसे कायराना हमलों से देश का मनोबल नहीं तोड़ सकते।
पाकिस्तान में तेजी से बढ़ रहे आतंकी हमले
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज की हालिया सुरक्षा रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई में आतंकवादी घटनाओं में 154 लोगों की मौत हुई, जबकि जून में यह संख्या 75 थी। यानी एक महीने में मौतों के आंकड़े में 105 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
वहीं, ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के अनुसार पाकिस्तान दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आतंक प्रभावित देश है। रिपोर्ट में बताया गया है कि खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र हैं। देश में होने वाली लगभग 90 प्रतिशत आतंकी घटनाएं इन्हीं दोनों प्रांतों में दर्ज की जाती हैं।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
