राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला: सुप्रीम कोर्ट ने मांगी SIT रिपोर्ट, CBI जांच की मांग पर अगले हफ्ते होगी सुनवाई
CENTRAL NEWS DESK: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकदी और कीमती सामान के कथित गबन मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अहम सुनवाई की। शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही, मामले की अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग वाली याचिकाओं पर अगले सप्ताह सुनवाई करने का फैसला किया है।
केंद्र, यूपी सरकार और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया। अदालत ने एसआईटी को जांच की प्रगति और जांच दल की संरचना से जुड़ी जानकारी रिपोर्ट के रूप में पेश करने का निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने ट्रस्ट को नोटिस जारी करने का विरोध किया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने ट्रस्ट को भी नोटिस जारी करने का फैसला बरकरार रखा।
एसआईटी की जांच पर सुप्रीम कोर्ट की नजर
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि चूंकि राज्य सरकार पहले ही एसआईटी का गठन कर चुकी है और जांच जारी है, इसलिए अदालत पहले यह देखना चाहती है कि जांच किस चरण में पहुंची है। इसके बाद ही याचिकाकर्ताओं की ओर से मांगी गई अन्य राहतों पर विचार किया जाएगा।
सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि एसआईटी अपनी स्थिति रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में दाखिल करेगी। जब याचिकाकर्ताओं ने रिपोर्ट की प्रति मांगी तो इसका विरोध किया गया। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा, “आप कानून जानते हैं, आखिरकार उन्हें रिपोर्ट देखने को मिलेगी।”
13 जून को गठित हुई थी एसआईटी
राम मंदिर में चढ़ावे के गबन के आरोप सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी। इसके बाद जांच पूरी करने के लिए 1 जुलाई को टीम का कार्यकाल 15 दिन के लिए बढ़ा दिया गया।
अयोध्या जाकर फिर होगी जांच
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एसआईटी एक बार फिर अयोध्या जाकर दान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच करेगी। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की जाएगी. सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई अगले सोमवार तय की है। अब सभी की नजर एसआईटी की स्थिति रिपोर्ट और इस बात पर रहेगी कि अदालत सीबीआई जांच की मांग पर क्या फैसला सुनाती है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
