फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का निधन, बॉलीवुड ने खोया एक बड़ा नाम
CENTRAL NEWS DESK( अवनीश मिश्रा): हिंदी फिल्म उद्योग के जाने-माने निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और बुधवार देर रात करीब 3 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के सांताक्रूज श्मशान घाट में किया गया। फिल्म जगत से जुड़े लोगों के अनुसार, कोविड संक्रमण के बाद उनकी सेहत लगातार प्रभावित रही थी। दवाइयों के दुष्प्रभाव के कारण उनकी किडनी पर असर पड़ा था और उनका इलाज चल रहा था। इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इम्पा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने उनके निधन को फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति बताया।
गोविंदा को दिया था पहला बड़ा ब्रेक
पहलाज निहलानी ने 1982 में फिल्म हथकड़ी से बतौर निर्माता अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि उन्हें असली पहचान 1986 में आई फिल्म इल्जाम से मिली, जिसने अभिनेता गोविंदा को स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने गोविंदा के साथ शोला और शबनम, आंखें और कई सफल फिल्मों का निर्माण किया। उन्होंने अभिनेता चंकी पांडे को भी फिल्म आग ही आग के जरिए बॉलीवुड में मौका दिया। 1990 के दशक में उनकी बनाई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफल साबित हुईं।
CBFC प्रमुख के रूप में भी रहे चर्चा में
पहलाज निहलानी वर्ष 2015 से 2017 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष रहे। उनके कार्यकाल के दौरान फिल्मों में कट लगाने और सेंसरशिप को लेकर कई विवाद सामने आए। फिल्म उड़ता पंजाब और जेम्स बॉन्ड फिल्म स्पेक्टर को लेकर उनके फैसले काफी चर्चा में रहे थे। हालांकि उन्होंने हमेशा अपने फैसलों को भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के अनुरूप बताया।
फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
पहलाज निहलानी के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। कई कलाकारों, निर्माताओं और फिल्म संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्हें एक ऐसे निर्माता के रूप में याद किया जा रहा है जिन्होंने कई कलाकारों को अवसर दिए और हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं।
news Journalist
