IND vs WI: भारत ने वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ किया, गिल की कप्तानी में पहली सीरीज जीत
कुलदीप यादव बने मैन ऑफ द मैच, रवींद्र जडेजा को मिला प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड
Sport News Desk: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को सात विकेट से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। यह शुभमन गिल की कप्तानी में भारत की पहली टेस्ट सीरीज जीत है।
पहले टेस्ट में भारत ने अहमदाबाद में पारी और 140 रनों से जीत दर्ज की थी, जबकि दिल्ली में टीम ने पांचवें दिन शानदार अंदाज में मैच खत्म किया। भारत के सामने 121 रनों का छोटा लक्ष्य था, जिसे केएल राहुल (58*) ने नाबाद रहते हुए हासिल कराया।

पहली पारी में यशस्वी जायसवाल (175) और कप्तान शुभमन गिल (129) के शतक की बदौलत भारत ने 518/5 पर पारी घोषित की थी। जवाब में कुलदीप यादव (5 विकेट) और रवींद्र जडेजा (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से वेस्टइंडीज 248 पर सिमट गया और उसे फॉलोऑन खेलना पड़ा।

हालांकि दूसरी पारी में जॉन कैम्पबेल (115) और शाई होप (103) ने संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने वापसी करते हुए मेहमान टीम को 390 रन पर समेट दिया। भारत को जीत के लिए 121 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे उसने आसानी से हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने वेस्टइंडीज पर लगातार 10वीं टेस्ट सीरीज जीत दर्ज की। वहीं दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम अब ‘टीम इंडिया का अभेद्य किला’ बन गया है — यहां भारत 1993 से लगातार 14 मैच जीत चुका है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के खाते में अब 52 पॉइंट हैं और वह तीसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 100 PCT के साथ टॉप पर बना हुआ है।
news Journalist
