फिलीपींस में भूकंप: रिक्टर स्केल 6.9, बो गो शहर में तबाही, 30 की मौत
Central News Desk: फिलीपींस की जनता कल रात एक विनाशकारी भूकंप का सामना कर रही है। रिक्टर स्केल पर 6.9 मेग्नीट्यूड की तीव्रता वाले इस भूकंप ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आए हैं जिसमें महिलाएं और बच्चे सुरक्षित स्थान की तलाश में भागते दिखाई दे रहे हैं, कई इमारतें मलबे में बदल चुकी हैं।
भूकंप का केंद्र और प्रभावित क्षेत्र
भूकंप का केंद्र सेबू के बो गो शहर के पास, विसायन सागर में पाया गया। भूकंप की गहराई लगभग 5 से 10 किलोमीटर उथली रही।
सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र:
- सेबू
- लेयते
- बिलिरान
- बोहोल
- समर
- नेग्रोस
बो गो शहर में सबसे अधिक तबाही दर्ज की गई है। अब तक की रिपोर्ट के अनुसार 30 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हैं।
रिंग ऑफ़ फायर: प्राकृतिक खतरे की कहानी
फिलीपींस रिंग ऑफ़ फायर क्षेत्र में आता है, जो प्रशांत महासागर के अत्यंत भूकंपीय जोन में स्थित है। यहां रोज हल्के भूकंप आते हैं, लेकिन कभी-कभी ये विनाशकारी भूकंप के रूप में तबाही मचा देते हैं।
समुद्र में उथल-पुथल, सुनामी का खतरा टला
भूकंप के कारण समुद्र की सतह में उथल-पुथल हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि अगर भूकंप थोड़ी और अधिक तीव्रता वाला होता, तो सुनामी का खतरा बन सकता था। फिलहाल प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने सुनामी की आशंका नहीं जताई, लेकिन समुद्र के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
राहत कार्य और स्थिति
स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुट गया है।
प्रभावित इलाकों में मेडिकल सहायता और आपातकालीन सहायता भेजी गई है।
फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाने की कोशिश जारी है।
इमारतों के मलबे से लोगों को निकालने के लिए खोज और बचाव दल सक्रिय हैं।
news Journalist
