“क्या लिखूं समझ नहीं आ रहा” – बेस्ट एक्टर अवॉर्ड पाकर भावुक हुए विक्रांत मैसी

0
theheadlinetoday

Delhi News Desk: दिल्ली के विज्ञान भवन में सितारों से सजी शाम उस वक्त और भी खास बन गई, जब बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी को फिल्म ‘12वीं फेल’ के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड दिया गया। इस मंच पर शाहरुख खान और रानी मुखर्जी जैसे दिग्गज भी मौजूद थे।

विक्रांत मैसी ने यह सम्मान पाकर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने अपनी पत्नी शीतल ठाकुर संग तस्वीरें और अवॉर्ड के साथ अपनी फोटो इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। कैप्शन में उन्होंने लिखा –
“मैं कल से सोच रहा हूं कि क्या लिखूं? कैसे आप सबका शुक्रिया अदा करूं? और मैं अब भी ऐसा नहीं कर पा रहा हूं। उम्मीद है तहे दिल से एक छोटा सा शुक्रिया ही काफी होगा। मेरे सफ़र में आपके निरंतर सहयोग के लिए मैं शब्दों से परे आभारी हूं।”

इस खास पल पर विक्रांत को इंडस्ट्री से ढेरों शुभकामनाएं मिलीं। रणवीर सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा – “बहुत-बहुत बधाई।” ईशा गुप्ता ने कहा – “आप इसके सबसे ज़्यादा हकदार हैं।” वहीं करिश्मा तन्ना, नकुल मेहता, अनूप सोनी और प्रिया बापट समेत कई कलाकारों ने उनकी मेहनत और उपलब्धि की सराहना की।

‘12वीं फेल’ फिल्म, जो वर्ष 2023 में रिलीज हुई थी, कम बजट की होने के बावजूद दर्शकों से बेहतरीन रिस्पॉन्स हासिल कर चुकी है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया और ओटीटी पर भी शानदार रेटिंग पाई। इस फिल्म ने विक्रांत मैसी को नए मुकाम तक पहुंचा दिया और अब उनका यह अवॉर्ड उनके करियर का एक ऐतिहासिक पड़ाव बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *