गुवाहाटी में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, बोले – “चाय की महक चायवाले से बेहतर कोई नहीं समझ सकता”
Img. credit: NDTV
Central News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय असम दौरे पर सोमवार को गुवाहाटी पहुंचे, जहां उनका स्वागत बेहद पारंपरिक और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रधानमंत्री ने अपनी यात्रा की शुरुआत इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित “झूमोइर बिनंदिनी” सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ की। यह आयोजन असम में चाय उद्योग के 200 वर्ष पूरे होने और चाय जनजाति समुदाय की सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित था।
कार्यक्रम में आठ हज़ार से अधिक कलाकारों ने झूमोइर नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। पीएम मोदी ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा—
“आपकी प्रस्तुति में चाय बगानों की महक और उनकी सुंदरता झलकती है। चाय की खूबसूरती और सुगंध को एक चायवाले से बेहतर कौन समझ सकता है।”
60 देशों के राजदूत भी बने गवाह
इस मौके पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ करीब 60 देशों के मिशन प्रमुख मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर को उनके रूप में सर्वश्रेष्ठ ब्रांड एंबेसडर मिला है और आज विदेशी राजदूत असम की चाय और उसकी संस्कृति का अनुभव कर दुनिया तक लेकर जाएंगे।

चाय बागानों और आदिवासियों के लिए बड़ी घोषणाएँ
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में चाय बागानों के मजदूरों और आदिवासी समुदाय के कल्याण पर ज़ोर दिया। उन्होंने बताया कि अब तक 100 मॉडल चाय बागान स्कूल खोले जा चुके हैं और जल्द ही 100 और खोले जाएंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि—
- असम सरकार ने मजदूरों का वेतन बढ़ाने के लिए कदम उठाए हैं।
- 1.50 लाख गर्भवती महिलाओं को आर्थिक मदद दी जा रही है।
- 350 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जा रहे हैं।
असमिया भाषा और काजीरंगा का ज़िक्र
पीएम मोदी ने यह भी याद दिलाया कि उनकी सरकार ने हाल ही में असमिया भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया है, जिसका इंतजार लोग दशकों से कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वे असम के काजीरंगा में रुकने और उसकी जैव विविधता की चर्चा दुनिया तक पहुँचाने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं।
झूमोइर की भव्यता और लेजर शो
झूमोइर नृत्य की जीवंतता से प्रभावित होकर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस प्रस्तुति को देखकर हर भारतीय मंत्रमुग्ध हो जाएगा। कार्यक्रम के अंत में राज्य की सांस्कृतिक थीम पर शानदार लेजर शो आयोजित किया गया।
गुवाहाटी में हुआ पारंपरिक स्वागत
प्रधानमंत्री के आगमन पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव किया। पारंपरिक गमोसा पहनाकर स्वागत किया गया। रास्ते में विभिन्न जनजातियों के कलाकार और नागरिक प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए खड़े दिखाई दिए।
सीएम सरमा ने सोशल मीडिया पर लिखा— “असम में दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता आदरणीय प्रधानमंत्री का स्वागत करना सौभाग्य है। उनका दृष्टिकोण हमें विकसित असम की दिशा में प्रेरित करता है।”
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
