सैय्यद नगर विवाद: एक हफ्ते बाद FIR, 8 नामजद और 25 पर मुकदमा दर्ज

0
theheadlinetoday

Central News Desk: कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के सैय्यद नगर में 4 सितंबर को हुए साम्प्रदायिक बवाल के एक हफ्ते बाद आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दरोगा पंकज शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने 8 नामजद समेत कुल 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज की मदद से 15 अज्ञात लोगों की पहचान की गई है, जिनमें दो वाहन चालक भी शामिल हैं।

कैसे भड़का विवाद?

दरअसल, बारावफात जुलूस के दौरान कुछ युवकों ने “आई लव मोहम्मद” का बोर्ड उस जगह लगाया, जहां पहले कभी ऐसा बोर्ड नहीं लगाया गया था। इसे नई परंपरा शुरू करने की कोशिश माना गया। इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

धार्मिक पोस्टर फाड़ने का आरोप

जुलूस में शामिल कुछ युवकों पर यह भी आरोप लगा कि उन्होंने रास्ते में लगे हिंदू धार्मिक पोस्टरों को वाहनों से गुजरते वक्त फाड़ दिया। इससे भीड़ में आक्रोश फैल गया। मौके पर दोनों समुदायों के बीच तनाव बढ़ने लगा, लेकिन समय रहते भारी पुलिस बल की तैनाती से हालात काबू में आ गए।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान

पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। जिन लोगों को नामजद किया गया है उनमें शराफत हुसैन, सबनुर आलम, बाबू अली, मोहम्मद सिराज खजूर, रहमान, इकराम अहमद, इकबाल, बंटी और कुन्नू कबाड़ी शामिल हैं। इनके अलावा 15 अज्ञात लोग भी आरोपी बनाए गए हैं।

जल्द होगी गिरफ्तारी

थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में साफ हुआ कि आरोपियों ने जानबूझकर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की। उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *