जीएसटी में राहत से झूमा शेयर बाजार, सेंसेक्स में 800 अंकों की जबरदस्त छलांग, अदाणी ग्रुप के शेयरों में उछाल
Central News Desk: जीएसटी काउंसिल द्वारा टैक्स स्लैब में कटौती और स्ट्रक्चर को आसान बनाने के फैसले का सीधा असर गुरुवार को शेयर बाजार में देखने को मिला। निवेशकों का भरोसा बढ़ते ही सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई।
सुबह प्री-ओपनिंग सत्र में ही बीएसई सेंसेक्स 888.96 अंक यानी 1.10% चढ़कर 81,456.67 पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 265.70 अंक यानी 1.08% उछलकर 24,980.75 पर ट्रेड कर रहा था। शुरुआती कारोबार में भी सेंसेक्स 571 अंक ऊपर और निफ्टी 161 अंक की बढ़त पर बना रहा।

निवेशकों का बढ़ा भरोसा
जीएसटी काउंसिल ने बुधवार को 22 सितंबर से नया स्ट्रक्चर लागू करने का ऐलान किया है, जिसमें 5% और 18% दो स्लैब रहेंगे। 40% का एक विशेष स्लैब भी रहेगा। इस बड़े सुधार से आम जनता को सीधी राहत मिलेगी क्योंकि 396 उत्पादों पर टैक्स घटा दिया गया है। इसी घोषणा ने बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट पैदा किया और निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में धमाकेदार तेजी
बाजार में तेजी का सबसे बड़ा फायदा अदाणी ग्रुप के शेयरों को मिला। अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी पावर, अदाणी टोटल गैस, अदाणी पोर्ट्स और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में शानदार तेजी देखी गई।
FMCG और ऑटो सेक्टर बने बाजार के स्टार
आज के ट्रेडिंग सेशन में FMCG और ऑटो सेक्टर में जोरदार रैली देखने को मिली। निफ्टी FMCG इंडेक्स 2% चढ़ा, जिसमें Britannia और Dabur India टॉप गेनर रहे। वहीं, ऑटो इंडेक्स में TVS Motor, Hyundai Motor और Bharat Forge जैसी कंपनियों में शानदार तेजी दर्ज की गई।
बाजार में Bajaj Finance, HUL, Grasim Industries, Bajaj Finserv और Trent सबसे ज्यादा गेनर रहे। वहीं NTPC, Reliance, Hindalco, HCL Technologies और ONGC दबाव में रहे।
एनालिस्ट्स की राय
विशेषज्ञों का कहना है कि जीएसटी सुधारों से घरेलू मांग को बल मिलेगा और उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ कम होगा। इससे कंपनियों की बिक्री और मुनाफे में बढ़ोतरी होगी। यही कारण है कि निवेशकों ने इसे बड़े अवसर के रूप में लिया।
ग्लोबल मार्केट्स पर दबाव के बीच भारतीय बाजार के लिए यह फैसला एक मजबूत बफर साबित होगा।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
