महिलाओं की सुरक्षा पर सीएम योगी की सख्त चेतावनी: “अगर लापरवाही मिली तो होगी कठोर कार्रवाई”

0
theheadlinetoday

Central News Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार देर रात एक अहम समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर की कमी या लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर महिला और छात्रा को निर्भय वातावरण देना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस पर किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं होगा।

सीएम योगी की समीक्षा बैठक

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन, त्योहारों की तैयारियां, बाढ़ की स्थिति, डेंगू नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

एंटी रोमियो स्क्वॉड को और सक्रिय करने के निर्देश

सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि सभी जिलों में एंटी रोमियो स्क्वॉड की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

  • संवेदनशील स्थलों,
  • बाजारों,
  • शिक्षण संस्थानों और
  • सार्वजनिक स्थानों

पर इनकी उपस्थिति और गश्त लगातार नजर आनी चाहिए।

मिशन शक्ति का नया चरण जल्द

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी शारदीय नवरात्र से ‘मिशन शक्ति’ का नया चरण प्रारंभ किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों के प्रति संवेदनशीलता, सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान को और मजबूती देना होगा। उन्होंने अधिकारियों को अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।

हाल की घटनाओं पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने हाल ही में कुछ जिलों से सामने आई अप्रिय घटनाओं का उल्लेख करते हुए संबंधित पुलिस कप्तानों से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई अनिवार्य है।

शिकायतों पर संवेदनशीलता जरूरी

सीएम योगी ने यह भी कहा कि आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली हर शिकायत का संवेदनशीलता से निस्तारण होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि –

  • हर पीड़ित की भावना का सम्मान किया जाए।
  • मिथ्या या भ्रामक रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

त्योहारों को लेकर अलर्ट

मुख्यमंत्री ने हाल में सकुशल संपन्न हुए पर्व-त्योहारों पर संतोष जताते हुए आने वाले बारावफात, अनंत चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा पर पुलिस-प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *