उन्नाव कांड: पालिका अध्यक्ष की फॉर्च्यूनर ने ली जान, हादसे के बाद दबंगई और सत्ता का खेल!
Unnao News Desk: नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि भानू मिश्रा की लग्जरी गाड़ी फॉर्च्यूनर से हुए सड़क हादसे ने जिले में सनसनी फैला दी है। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की हालत बेहद गंभीर बताई गई थी। लेकिन बाद में उसे कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

टक्कर के बाद दबंगई का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवारों का आरोप है कि फॉर्च्यूनर में बैठे लोग नशे में धुत थे और उन्होंने तेज रफ्तार में बाइक सवारों को टक्कर मारी। हादसे के बाद मदद करने के बजाय वे घायलों से ही दबंगई और धक्का-मुक्की करने लगे।
सत्ता का रौब और दबाव?
सूत्रों के अनुसार, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि भानू मिश्रा के दबाव में प्रशासन ने इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी, उन्हें ‘गंभीर घायल’ बताकर कानपुर रेफर कर दिया गया। बाद में वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में हंगामा, पुलिस समझाने में जुटी
घटना के बाद जैसे ही मृतक के परिजनों को सच पता चला, उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। गुस्साए परिजन सत्ता के रौब और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग करने लगे।
पुलिस पूरे मामले को शांत कराने की कोशिश में जुटी रही और लगातार पीड़ित परिवारों को समझाने का प्रयास करती रही।
बड़ा सवाल
उन्नाव में एक बार फिर वही तस्वीर सामने आई है जब बड़ी गाड़ी और सत्ता के रौब के सामने आम आदमी की जिंदगी सस्ती साबित हो रही है। सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक सड़क हादसों में दबंगई और सत्ता का दबाव पीड़ित परिवारों की आवाज को दबाता रहेगा?
news Journalist
