बरूराज विधानसभा से रिपोर्ट: विधायक की कार्यशैली पर जनता नाराज़, बेहतर विकल्प की तलाश में वोटर

0
theheadlinetoday

Central News Desk: विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रदेश भर में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी चर्चा जोरों पर है। लोकल 18 की टीम जब क्षेत्र में पहुंची तो जनता का गुस्सा और नाराज़गी साफ दिखाई दी। लोगों ने वर्तमान विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि अब वे बेहतर विकल्प की तलाश में हैं।

“दलालों के यहां जाते हैं विधायक जी”

क्षेत्र के सिरसिया चौक निवासी पप्पू कुमार ओझा का कहना है कि, “सड़क तो बनी है लेकिन अभी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं हुई है। हम विकास के नाम पर ही वोट देंगे, लेकिन फिलहाल किसी को लेकर मन नहीं बनाया है।” वहीं, भुवनेश्वर राय कहते हैं कि, “विधायक जी सिर्फ चुनाव के समय दिखाई देते हैं। बाकी समय दलालों और न्योता वाली जगहों पर ही जाते हैं। जो नया विकल्प मिलेगा, वही बेहतर होगा और उसी को वोट देंगे।”

लोगों का फूटा गुस्सा

जनता का कहना है कि क्षेत्र में जितना काम होना चाहिए था, उतना नहीं हुआ। विकास कार्य अधूरे हैं और आम जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। यही वजह है कि मतदाता मौजूदा विधायक से नाराज़ हैं और किसी नए चेहरे को मौका देने का मन बना रहे हैं।

वर्तमान विधायक पर सवाल

बरूराज विधानसभा से मौजूदा विधायक भाजपा समर्थित अरुण कुमार सिंह हैं, जिन्होंने 2020 के चुनाव में भारी अंतर से जीत दर्ज की थी। लेकिन अब जनता की राय बदलती दिख रही है। लोगों का आरोप है कि विधायक जी सिर्फ चुनाव में सक्रिय रहते हैं और पूरे कार्यकाल में जनता से दूरी बनाए रखते हैं।

विकास ही होगा बड़ा मुद्दा

जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, बरूराज क्षेत्र में विकास और स्थानीय मुद्दे ही प्रमुख चुनावी एजेंडा बनते दिख रहे हैं। जनता अब ऐसे उम्मीदवार की तलाश में है जो उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतर सके।
बरूराज विधानसभा से इस बार का संदेश साफ है – जनता बदलाव चाहती है और वोट अब विकास के आधार पर ही मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *