ड्रीम11 के बाहर होने के बाद संकट….एशिया कप में बिना स्पॉन्सर उतर सकती है टीम इंडिया

0
theheadlinetoday

Central News Desk: भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप 2025 में बिना मुख्य प्रायोजक के उतर सकती है। ड्रीम11 के करार टूटने के बाद बीसीसीआई नए स्पॉन्सर की तलाश में है, लेकिन अभी तक उसे सफलता नहीं मिली है। एशिया कप की शुरुआत 9 सितंबर से होगी और भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई से है।

ड्रीम11 का करार बीच में खत्म

बीसीसीआई का ड्रीम11 के साथ 2026 तक करार था, लेकिन हाल ही में संसद से पारित ऑनलाइन गेमिंग विनियमन विधेयक 2025 के बाद कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म पर सभी पैसे-आधारित गेमिंग प्रतियोगिताएं निलंबित कर दीं। इसके चलते बोर्ड और ड्रीम11 का समझौता खत्म हो गया।

आपात बैठक में चर्चा

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को बीसीसीआई की आपात बैठक अंतरिम अध्यक्ष राजीव शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नए स्पॉन्सर की तलाश पर चर्चा हुई, लेकिन किसी समयसीमा का निर्धारण नहीं हो सका। बोर्ड अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक के लिए नए करार की कोशिश करेगा।

करोड़ों का करार हुआ था

ड्रीम11 ने जुलाई 2023 में बायजू की जगह भारतीय टीम का मुख्य प्रायोजक बनते हुए 358 करोड़ रुपये का तीन साल का करार किया था। इससे पहले यह आईपीएल में भी बड़े पैमाने पर जुड़ा रहा और वीवो के हटने के बाद 2020 में आईपीएल का टाइटल स्पॉन्सर भी बना था।

स्पॉन्सरशिप संकट गहराया

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि नए कानून के चलते किसी भी फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनी के साथ करार जारी रखना मुश्किल होगा। ऐसे में बोर्ड अब वैकल्पिक उपायों पर विचार कर रहा है। लेकिन एशिया कप तक स्पॉन्सर मिलना कठिन दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *