सोशल मीडिया पोस्ट पर लाइक करने की सजा: चौबेपुर ब्लॉक प्रमुख ने युवक को हंटर से पीटा, FIR दर्ज
Central News Desk: कानपुर देहात के चौबेपुर ब्लॉक में सत्ता के नशे और दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला ने अपने विरोधियों की सोशल मीडिया पोस्ट पर लाइक और कमेंट करने से नाराज़ होकर एक युवक को राइस मिल बुलाकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान युवक को जबरन उठक-बैठक करवाई गई और माफी भी मंगवाई गई।
पीड़ित की आपबीती
पीड़ित सत्यम त्रिवेदी, निवासी पिपरी गांव ने बताया कि 17 अगस्त को ब्लॉक प्रमुख के करीबी अभिजीत त्रिपाठी उर्फ मोहित का फोन आया और उसने कहा कि ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला जरूरी काम से बुला रहे हैं। जब सत्यम शाम 6:30 बजे राइस मिल पहुँचे तो वहाँ पहले से ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला, उनके भाई विनय शुक्ला और अभिजीत मौजूद थे।
जैसे ही सत्यम वहाँ पहुँचे, तीनों ने सोशल मीडिया पर विरोधियों की पोस्ट को लाइक और कमेंट करने का मुद्दा उठाया और गाली-गलौज करते हुए लाठियों और हंटर से बेरहमी से पिटाई कर दी।
उठक-बैठक करवा कर माफी और धमकी
पीड़ित का कहना है कि पिटाई के बाद उसे उठक-बैठक करवा कर जबरन माफी मंगवाई गई। इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और निजी फाइलें व फोटो अपने फोन में ट्रांसफर कर लिए। धमकी दी गई कि अगर पुलिस से शिकायत की तो उसका वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।
पुलिस में FIR दर्ज
पिटाई और धमकी से डरे हुए सत्यम ने आखिरकार साहस दिखाते हुए चौबेपुर थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला, उनके भाई विनय शुक्ला और अभिजीत त्रिपाठी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
news Journalist
