एल्विश यादव के घर फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दूसरी गिरफ्तारी
Central News desk: यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव के घर फायरिंग मामले में पुलिस ने दूसरी बड़ी गिरफ्तारी कर ली है। जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से आरोपी जतिन को गिरफ्तार किया गया है। जतिन पर आरोप है कि उसने उन शूटरों की मदद की थी जिन्होंने गुरुग्राम स्थित एल्विश यादव के घर पर फायरिंग की थी।
पुलिस का कहना है कि जतिन ने शूटरों को न केवल ठिकाना उपलब्ध कराया बल्कि घटना के दौरान लॉजिस्टिक सपोर्ट भी दिया। इससे पहले इस मामले में एक और आरोपी को हिरासत में लिया जा चुका है।
बता दें कि कुछ दिन पहले एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना के वक्त एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन फायरिंग की आवाज़ से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों की पहचान की। अब तक की जांच में सामने आया है कि फायरिंग की साजिश पहले से रची गई थी और इसमें कई लोगों की संलिप्तता है।
फरीदाबाद से पकड़ा गया आरोपी जतिन फिलहाल पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ की जा रही है ताकि बाकी आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज मामले की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
news Journalist
