मुंबई में भारी बारिश का कहर: आईएमडी ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
Central News Desk: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए पूरे शहर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि यह अलर्ट मंगलवार तक प्रभावी रहेगा।
अगले 3-4 घंटों तक भारी बारिश का अनुमान
आईएमडी ने सोमवार सुबह 10 बजे जारी बुलेटिन में कहा कि आने वाले तीन से चार घंटों तक मुंबई महानगर और उसके आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। तेज़ हवाओं और लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

बीएमसी ने जारी की एडवाइजरी, 1916 पर मिलेगी मदद
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे बिना ज़रूरत घरों से बाहर न निकलें।
बीएमसी ने अपने मुख्य नियंत्रण कक्ष में हेल्पलाइन नंबर 1916 सक्रिय कर दिया है, जहां नागरिक बारिश से जुड़ी आपात स्थितियों की जानकारी दे सकते हैं और मदद प्राप्त कर सकते हैं।
बीएमसी ने आधिकारिक बयान में कहा:
“आईएमडी द्वारा जारी अलर्ट के बाद सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे आवश्यक सावधानियां बरतें। कृपया बिना कारण अपने घरों से बाहर निकलने से बचें।”
ट्रैफिक और लोकल ट्रेन पर असर की संभावना
लगातार हो रही बारिश का असर मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेनों और सड़क यातायात पर पड़ सकता है। कई जगहों पर जलभराव की वजह से वाहनों की गति धीमी हो गई है। मुंबई पुलिस और ट्रैफिक विभाग की ओर से भी लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी जा रही है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
