कानपुर: जूही में गिरे पेड़ के नीचे से मिले दो शव, एक की पहचान भूरा के रूप में, दूसरे की तलाश जारी
Central News Desk: जूही थाना क्षेत्र के मिलिट्री कैंप चौकी के पास मंगलवार तड़के बारिश के बाद गिरा एक विशालकाय पाकड़ का पेड़ बुधवार को हटाया गया। पेड़ हटाते वक्त नगर निगम कर्मियों की नजर नीचे दबे एक हाथ पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जेसीबी और हाइड्रा मशीन की मदद से पेड़ हटवाया, तो नीचे से दो शव बरामद हुए।
इनमें से एक की पहचान ट्रांसपोर्ट नगर में पल्लेदारी का काम करने वाले भूरा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, भूरा अक्सर उसी चबूतरे पर रात गुजारता था। वहीं दूसरा शव किसका है, फिलहाल पुलिस उसकी पहचान की कोशिश कर रही है।
जूही थाना प्रभारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि पेड़ सैकड़ों साल पुराना था और हाल की बारिश के चलते गिर गया। मंगलवार को जब पेड़ गिरा, तब सिर्फ आवागमन सुचारु कराने के लिए शाखाओं को काटकर रास्ता साफ कर दिया गया था। पेड़ पूरी तरह हटाने का काम बुधवार को नगर निगम ने शुरू किया, तभी यह खुलासा हुआ।
फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
