हरियाणा में यमुना नदी में बाढ़, हथिनीकुंड बैराज पर खतरे के निशान से ऊपर पानी – दिल्ली के लिए अलर्ट जारी

0
theheadlinetoday

Central News Desk: हरियाणा में हो रही भारी बारिश और पहाड़ों से लगातार आ रहे पानी ने यमुना नदी का जलस्तर खतरनाक स्थिति में पहुंचा दिया है। यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर सोमवार सुबह 8 बजे यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया और यहां 3.11 लाख क्यूसेक पानी रिकॉर्ड किया गया। इसके चलते सिंचाई विभाग ने फ्लड (बाढ़) अलर्ट जारी कर दिया है।

लगातार बढ़ रहा है पानी का स्तर

सुबह 9 बजे तक जलस्तर और अधिक बढ़ गया तथा 3,29,313 क्यूसेक पानी रिकॉर्ड किया गया। विभाग का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो पानी का दबाव और ज्यादा हो जाएगा। अनुमान है कि हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया यह पानी अगले 50 से 60 घंटे में दिल्ली तक पहुंचेगा और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर सकता है।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में अलर्ट

बैराज से छोड़े जा रहे पानी को देखते हुए दिल्ली, यमुना किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे न जाने की अपील की है।

घग्गर नदी भी उफान पर

वहीं, पंचकूला में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण घग्गर नदी भी उफान पर है। पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है और यह नदी अब रौद्र रूप ले चुकी है। स्थिति बिगड़ने पर आसपास के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की आशंका जताई जा रही है

प्रशासन की तैयारी

हरियाणा और दिल्ली प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। जलस्तर की मॉनिटरिंग की जा रही है और राहत-बचाव दल को अलर्ट पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *