जडेजा के 350 टेस्ट विकेट पूरे, 4 हजार रन के साथ खास क्लब में एंट्री; गॉल टेस्ट में बने कई रिकॉर्ड

0
WhatsApp Image 2026-08-18 at 12.28.58 PM

CENTRAL NEWS DESK : भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन का खेल रिकॉर्ड और रोमांच से भरा रहा। भारत ने श्रीलंका को पहली पारी में 284 रन पर ऑलआउट कर 178 रन की बढ़त हासिल की। इस दौरान रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे कर बड़ा मुकाम हासिल किया। वहीं युवा स्पिनर मानव सुथार ने टेस्ट में अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लेकर शानदार शुरुआत की। तीसरे दिन के खेल में कई यादगार पल भी देखने को मिले।

जडेजा ने बनाया खास रिकॉर्ड

रवींद्र जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 4,000 से ज्यादा रन और 350 विकेट पूरे करने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले इंग्लैंड के इयान बॉथम, भारत के कपिल देव और न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

जडेजा के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 351 विकेट हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर भी बन गए हैं। उनसे आगे श्रीलंका के रंगना हेराथ हैं, जिनके नाम 433 टेस्ट विकेट हैं।

सुथार ने पहली गेंद पर चांडीमल को भेजा पवेलियन

भारत के युवा स्पिनर मानव सुथार ने भी तीसरे दिन शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने गेंदबाजी की अपनी पहली ही गेंद पर दिनेश चांडीमल को आउट कर दिया। सुथार की गेंद पर चांडीमल आगे बढ़कर शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद उनके दस्ताने को छूकर पीछे चली गई। विकेटकीपर ऋषभ पंत ने शानदार डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया।

भारत की पारी चौथी गेंद पर खत्म

तीसरे दिन भारत ने अपनी पहली पारी को 460 रन के स्कोर से आगे बढ़ाया, लेकिन दिन की सिर्फ चौथी गेंद पर आखिरी विकेट गिर गया। असिथा फर्नांडो की शॉर्ट गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा पुल शॉट खेलने गए और गेंद उनके दस्तानों से लगकर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला के हाथों में चली गई। भारत ने अपनी पहली पारी 462 रन पर समाप्त की।

श्रीलंका को दूसरी ही गेंद पर लगा झटका

श्रीलंका की शुरुआत भी बेहद खराब रही। मोहम्मद सिराज ने पारी की दूसरी गेंद पर ही निशान फर्नांडो को आउट कर दिया। बाहर जाती गेंद पर निशान फर्नांडो ने बल्ला लगाया और बाहरी किनारा लेकर गेंद फर्स्ट स्लिप में खड़े देवदत्त पडिक्कल के हाथों में चली गई। श्रीलंका का खाता खुलने से पहले ही पहला विकेट गिर गया।

गिल ने पकड़ा शानदार कैच

कुलदीप यादव की गेंद पर कप्तान शुभमन गिल ने कामिंदु मेंडिस का बेहतरीन कैच पकड़ा। मेंडिस ने आगे बढ़कर हवा में शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गिल ने बाईं ओर डाइव लगाते हुए एक हाथ से शानदार कैच लपक लिया। यह कैच दिन के बेहतरीन फील्डिंग मोमेंट्स में शामिल रहा।

राहुल का कैच छोड़ना पड़ा महंगा

केएल राहुल से तीसरे दिन एक अहम कैच छूट गया। मानव सुथार की गेंद पर निरोशन डिकवेला ने कट शॉट खेला। गेंद बल्ले का किनारा लेकर राहुल की ओर गई, लेकिन वह कैच नहीं पकड़ सके। उस समय डिकवेला 20 रन पर थे और श्रीलंका का स्कोर 126 रन पर पांच विकेट था। जीवनदान मिलने के बाद डिकवेला ने शानदार 80 रन की पारी खेली। उन्होंने सोनल दिनुषा के साथ छठे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी की और श्रीलंका को संकट से बाहर निकाला।

डिकवेला का बिना शतक 23वां अर्धशतक+ स्कोर

निरोशन डिकवेला ने 80 रन की पारी के साथ एक और रिकॉर्ड बनाया। वह टेस्ट क्रिकेट में बिना शतक लगाए 23 बार 50 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में वह पहले से ही शीर्ष पर हैं। भारत के चेतन चौहान 16 अर्धशतक+ स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *