नेपाल में तबाही के बीच भारत का बड़ा मदद मिशन, तीसरा राहत विमान रवाना; टनल रेस्क्यू टीम भी तैयार

0
images (56)

CENTRAL NEWS DESK: नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच भारत ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। भारत की ओर से अब तक दो विमान राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंच चुके हैं, जबकि तीसरा विमान भी रवाना किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत टनल रेस्क्यू टीम, मेडिकल टीम और अन्य जरूरी तकनीकी सहायता देने की तैयारी में है।

भारत भेज रहा राहत सामग्री, तीसरा विमान भी तैयार

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नेपाल के लिए दो विमान राहत सामग्री लेकर भेजे जा चुके हैं और तीसरे विमान से भी सहायता भेजी जा रही है। इससे पहले भेजी गई खेप में अस्थायी शेल्टर, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और जरूरी दवाएं शामिल थीं।

टनल में फंसे लोगों के लिए भेजी जाएगी रेस्क्यू टीम

नेपाल ने प्रभावित इलाकों में टनल रेस्क्यू के लिए भारत से मदद मांगी है। इसके बाद भारत एक टनल रेस्क्यू टीम भेजने की तैयारी कर रहा है। पहले एक रेकी टीम भेजी जा रही है, जो मौके पर हालात और जरूरी उपकरणों का आकलन करेगी। इसके साथ मेडिकल टीम भी भेजी जा रही है।

NDRF टीम भेजने का भी प्रस्ताव

भारत ने नेपाल को NDRF की विशेषज्ञ टीम और जरूरी उपकरण भेजने की पेशकश की है। हालांकि, विदेशी सर्च एंड रेस्क्यू टीमों को लेकर नेपाल का रुख फिलहाल सीमित है। भारत ने स्पष्ट किया है कि नेपाल की जरूरत के मुताबिक वह अतिरिक्त सहायता देने के लिए तैयार है।

बेली ब्रिज से बहाल होगी कनेक्टिविटी

बाढ़ और भूस्खलन से कई इलाकों में सड़क और पुलों को नुकसान पहुंचा है। भारत ने बेली ब्रिज और उससे जुड़ी तकनीकी टीम उपलब्ध कराने की भी पेशकश की है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था बहाल की जा सके।

320 भारतीय अब भी लापता

नेपाल की बाढ़ में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार तक करीब 320 भारतीय नागरिक संपर्क से बाहर थे, जबकि 21 भारतीयों को सुरक्षित निकालकर दिल्ली लाया गया। चीन की ओर से 96 भारतीय नागरिक नेपाल पहुंच चुके हैं और करीब 400 अन्य सुरक्षित बताए गए हैं।

नेपाल में बड़े पैमाने पर राहत अभियान जारी

नेपाल सरकार ने बचाव, राहत, चिकित्सा, बिजली बहाली और संचार व्यवस्था के लिए 12 अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी दी है। बाढ़ से प्रभावित इलाकों में नेपाली सेना और सुरक्षा बल लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।

चीन भी चला रहा राहत अभियान

नेपाल-तिब्बत सीमा से लगे इलाकों में चीन की ओर से भी राहत और बचाव अभियान जारी है। तिब्बत के प्रभावित क्षेत्रों में चीनी राहत दल और सेना की टीमें तैनात हैं। ऐसे में नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में भारत और चीन दोनों की राहत गतिविधियां कूटनीतिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *