नेपाल दर्शन के लिए निकले कानपुर परिवार का भीषण सड़क हादसा, 6 लोग घायल

0
kanpur accident

Central News Desk: नेपाल दर्शन के लिए निकले एक परिवार की यात्रा अचानक हादसे में बदल गई। जानकारी के मुताबिक, कल्याणपुर, आवास विकास-3 निवासी सूरज कुशवाहा अपने परिवार के साथ गुरुवार रात नेपाल स्थित पशुपति नाथ मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। शनिवार सुबह नेपाल के नवल परासी इलाके में उनकी इनोवा कार सामने से आ रहे एक लोडर वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में गाड़ी चला रहे सूरज कुशवाहा समेत उनके दादा-दादी और तीन अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सूरज की पत्नी आरती ने बताया कि उनकी शादी को अभी दो महीने ही हुए हैं। वह भी इस यात्रा पर जाने की तैयारी में थीं, लेकिन अंतिम समय में नहीं जा सकीं। उन्होंने कहा कि अगर वह इस सफर पर जातीं तो शायद हादसे का शिकार बन जातीं। फिलहाल परिजनों की हालत को देखते हुए परिवार और रिश्तेदारों में चिंता का माहौल है।

नेपाल पुलिस ने दुर्घटना के बाद लोडर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *