सुप्रीम कोर्ट ने NTA से कहा- UPSC जैसा सिस्टम बनाएं, NEET पेपर सुरक्षा पर उठे सवाल
CENTRAL NEWS DESK: सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को NEET-UG पेपर लीक मामले की सुनवाई हुई। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से कहा कि परीक्षा आयोजित करने की व्यवस्था UPSC जैसी मजबूत और भरोसेमंद होनी चाहिए।
कोर्ट में NTA को भंग करने और पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत निगरानी सिस्टम बनाने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई हुई। ये याचिकाएं यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन समेत अन्य पक्षों ने दायर की हैं।
केंद्र ने कहा- NEET का सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित
केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि NEET परीक्षा के लिए बनाया गया सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि प्रश्न-पत्र तैयार करने से लेकर छात्रों तक पहुंचने की प्रक्रिया में गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाता है और इसमें सेंध लगाना आसान नहीं है।
GPS से होती है पेपर ले जाने वाली गाड़ियों की निगरानी
सॉलिसिटर जनरल ने बताया कि NEET के प्रश्न-पत्र ले जाने वाली गाड़ियों में GPS लगाया जाता है। गाड़ी में होने वाली छोटी से छोटी गतिविधि भी रिकॉर्ड की जाती है, जिससे पेपर की आवाजाही पर नजर रखी जा सके।
कई मॉडरेटर तैयार करते हैं प्रश्न बैंक
सरकार ने बताया कि NEET के लिए प्रश्न बैंक तैयार करने में कई मॉडरेटर शामिल होते हैं। इन मॉडरेटर को यह जानकारी नहीं होती कि उनके तैयार किए गए सवालों में से कौन-से प्रश्न अंतिम प्रश्न-पत्र में शामिल किए जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
