AI की दुनिया में ‘ब्लैकआउट’: एक साथ बंद पड़े चैट-जीपीटी, क्लाउड और ग्रोक
CENTRAL NEWS DESK: दुनिया के तीन प्रमुख एआई प्लेटफॉर्म चैट-जीपीटी, क्लाउड और ग्रोक गुरुवार शाम तकनीकी खराबी के चलते एक साथ ठप पड़ गए। तीनों प्लेटफॉर्म पर यूजर्स को लॉगिन करने, पुरानी चैट लोड करने और सवालों के जवाब पाने में परेशानी हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन तीनों प्लेटफॉर्म पर रोजाना करीब 21.2 करोड़ यूजर्स आते हैं।
यूजर्स ने आउटेज की शिकायत डाउनडिटेक्टर पर की। इस वेबसाइट के जरिए किसी ऑनलाइन सेवा में आ रही तकनीकी समस्या की जानकारी मिलती है।
ग्रोक पर दिखा ‘मॉडल ओवरलोड’ का मैसेज
एलन मस्क के एआई प्लेटफॉर्म ग्रोक का एप और वेब वर्जन दोनों प्रभावित रहे। एक्स पर सवाल पूछने पर कई यूजर्स को ‘मॉडल ओवरलोड’ का एरर मैसेज दिखाई दिया। डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, प्रभावित यूजर्स में 81 प्रतिशत को चैट, 18 प्रतिशत को एआई जेनरेशन, आठ प्रतिशत को लॉगिन और छह प्रतिशत को वेबसाइट एक्सेस करने में परेशानी हुई। भारत में रात करीब 8:25 बजे सबसे ज्यादा 3,410 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि अमेरिका में रात 8:41 बजे 36 हजार से अधिक शिकायतें सामने आईं।
आउटेज के कारण लॉगिन, फाइल अपलोड, वॉइस मोड, सर्च, डीप रिसर्च और इमेज जेनरेशन जैसे कई प्रमुख फीचर प्रभावित रहे।
नए मॉडल ‘अस्ट्रा’ के टीजर के बीच आई तकनीकी दिक्कत
चैट-जीपीटी में यह समस्या ऐसे समय आई, जब ओपनएआई अपने नए एआई मॉडल ‘अस्ट्रा’ के लॉन्च को लेकर टीजर जारी कर रहा था। कंपनी ने कहा कि समस्या को दूर करने के लिए सुधार का काम शुरू कर दिया गया है और रिकवरी पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि, कंपनी के एआई टूल्स की परफॉर्मेंस पर अभी भी असर पड़ने की बात कही गई।
क्लाउड चैट, क्लाउड कोड और एपीआई भी प्रभावित
भारतीय समय के अनुसार रात करीब 7:30 बजे एंथ्रोपिक का क्लाउड चैटबॉट, क्लाउड कोड और एपीआई भी प्रभावित हुए। डाउनडिटेक्टर पर अमेरिका में 37 हजार से अधिक और भारत में 7,500 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं। प्रभावित यूजर्स में करीब 50 प्रतिशत को क्लाउड कोड, 24 प्रतिशत को क्लाउड चैट और 19 प्रतिशत को एप एक्सेस करने में परेशानी हुई।
इंफ्रास्ट्रक्चर में खराबी से आई समस्या
एंथ्रोपिक की तकनीकी टीम ने एक्स पर बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर में खराबी के कारण सेवाओं पर आंशिक असर पड़ा। टीम समस्या को ठीक करने में जुटी है। हालांकि, सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने में कितना समय लगेगा, इसकी सटीक जानकारी नहीं दी गई।
क्या होता है आउटेज?
आउटेज ऐसी स्थिति है, जब कोई ऑनलाइन सेवा, एप या वेबसाइट अचानक काम करना बंद कर देती है या यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं रहती। यह समस्या कुछ मिनट से लेकर कई घंटों तक रह सकती है। सर्वर फेलियर, नेटवर्क समस्या, रखरखाव, हार्डवेयर खराबी या सर्वर पर अत्यधिक लोड इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
