आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की रेड, 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
CENTRAL N EWS DESK: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनसे जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ED की टीमों ने रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में करीब 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के परिसर भी शामिल हैं।
PMLA के तहत चल रही कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत चल रही जांच का हिस्सा है। ED की टीमें परिसरों में वित्तीय दस्तावेज, रिकॉर्ड और डिजिटल सबूत खंगाल रही हैं। तलाशी PMLA की धारा 17 के तहत की जा रही है।
सरकारी ठेकों के पैसों की जांच
ED की जांच कथित तौर पर सरकारी ठेकों से जुड़े पैसों के इस्तेमाल और उनके जौहर ट्रस्ट व यूनिवर्सिटी तक पहुंचने के आरोपों पर केंद्रित है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठेकेदारों से मिले कथित फंड का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट की गतिविधियों में किस तरह किया गया।
जांच में कथित तौर पर दान, निर्माण कार्यों पर खर्च और दूसरे वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
जौहर यूनिवर्सिटी पहले से विवादों में
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना आजम खान ने 2006 में की थी। यूनिवर्सिटी पिछले कुछ समय से जमीन, निर्माण और वित्तीय मामलों को लेकर कानूनी विवादों में रही है।
ED की ताजा कार्रवाई के दौरान अभी तक एजेंसी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि तलाशी में क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
