‘विद्यालय बनेंगे राष्ट्रभक्ति के सबसे बड़े केंद्र’: हर घर तिरंगा अभियान को योगी सरकार देगी नई उड़ान
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्वतंत्रता दिवस-2026 को जनभागीदारी का महापर्व बनाने के लिए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को तेज गति देने की तैयारी कर ली है। इस बार प्रदेश के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालय राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश घर-घर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। सरकार ने इस वर्ष 5 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
विद्यालयों से घर-घर पहुंचेगा राष्ट्रगौरव का संदेश
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी विस्तृत कार्ययोजना के तहत प्रदेश के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन का राष्ट्रीय उत्सव बनाना है।
14 अगस्त को मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’
सरकार के निर्देशानुसार 14 अगस्त को सभी विद्यालयों में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारत विभाजन के इतिहास, उसके मानवीय प्रभाव और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया जाएगा। विद्यालयों में विशेष व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
तिरंगा यात्राओं और प्रतियोगिताओं से गूंजेंगे विद्यालय
अभियान के तहत विद्यालयों में निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता, संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका की भी जानकारी दी जाएगी।
डिजिटल माध्यमों से भी बढ़ेगी भागीदारी
विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान से जुड़ी गतिविधियों के चित्र और वीडियो डिजिटल मंचों पर साझा किए जाएं। विद्यार्थियों और अभिभावकों को ‘हर घर तिरंगा’ के आधिकारिक डिजिटल मंच से भी जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
‘विद्यालय राष्ट्रभक्ति के सबसे बड़े केंद्र बनेंगे’
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान के संस्कार विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उत्तर प्रदेश के विद्यालय इस अभियान के सबसे बड़े केंद्र बनेंगे।”
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को तिरंगे के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है, ताकि विद्यालयों से उठने वाला राष्ट्रगौरव का संदेश हर घर तक पहुंचे।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
