राहुल गांधी पर शाहिद अफरीदी की तारीफ, BJP का तंज – “तो पाकिस्तान अपना नेता बना ले”

0
shahid-Afridi&Rahul-Gandhi

Central News Desk: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जमकर तारीफ कर दी, जिसके बाद भारतीय राजनीति में घमासान मच गया है। अफरीदी ने एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर एशिया कप मैच को लेकर हुई पैनल चर्चा में कहा कि “राहुल गांधी की सोच बहुत सकारात्मक है, वह बातचीत के ज़रिए सबको साथ लेकर चलना चाहते हैं।”

लेकिन जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, बीजेपी ने इसे कांग्रेस पर हमला करने का मौका बना लिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने तंज कसते हुए कहा – “राहुल गांधी पाकिस्तान के प्रिय रहे हैं। शाहिद अफरीदी और पाकिस्तान के लोग चाहें तो उन्हें अपना नेता बना सकते हैं।”

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “हाफिज सईद के बाद अब शाहिद अफरीदी राहुल गांधी की तारीफ कर रहे हैं। भारत से नफरत करने वाले हर शख्स को राहुल गांधी और कांग्रेस में साथी मिल जाता है। सोरोस से लेकर शाहिद तक… कांग्रेस = इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस।”

वहीं बीजेपी के आईटी प्रमुख अमित मालवीय ने लिखा – “कट्टर हिंदू-द्वेषी अफरीदी, जो हमेशा कश्मीर को पाकिस्तान में मिलाने का सपना देखते हैं, अचानक राहुल गांधी की तारीफ करने लगे हैं। जब भारत के दुश्मन आपकी प्रशंसा करें, तो देश जान जाता है कि आपकी निष्ठा कहां है।”

प्रदीप भंडारी ने भी एक्स पर लिखा – “राहुल गांधी को नया प्रशंसक मिल गया है – बदनाम पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी!”

उधर, कांग्रेस ने भी पलटवार किया। प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर के साथ शाहिद अफरीदी की एक पुरानी तस्वीर साझा की और लिखा कि भाजपा को कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले खुद पर नज़र डालनी चाहिए।

यह विवाद ऐसे समय में उठा है जब दुबई में हुए एशिया कप मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने का फैसला लिया था। इसे हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाने के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *