असम की धरती से पीएम मोदी का बड़ा संदेश: “मैं शिव का भक्त हूं, सारा जहर निगल जाता हूं”
Central news Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को असम पहुंचे और 18,530 करोड़ रुपए से अधिक की प्रमुख बुनियादी ढांचा व औद्योगिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल असम बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत की तस्वीर बदलेंगी।
“शिव का भक्त हूं, सारा जहर निगल जाता हूं”
दरांग में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने खुद को भगवान शिव का भक्त बताते हुए कहा,
“मुझे कितनी भी गालियां दें, मैं भगवान शिव का भक्त हूं और सारा जहर निगल जाता हूं। लेकिन जब किसी का अपमान होता है तो मैं चुप नहीं रह सकता।”
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि असम और पूर्वोत्तर के गौरव का अपमान उन्होंने कभी बर्दाश्त नहीं किया।
मां कामाख्या और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत मां कामाख्या के आशीर्वाद से की। उन्होंने कहा,
“ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार असम आना हुआ है। मां कामाख्या के आशीर्वाद से यह ऑपरेशन सफल रहा। जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।”
कांग्रेस पर भूपेन हजारिका को लेकर हमला
पीएम मोदी ने असम की महान संतानों का सम्मान करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,
“क्या भूपेन दा को भारत रत्न देना सही था या गलत? कांग्रेस पार्टी ने उन्हें ‘नाचने-गाने वाला’ कहकर उनका अपमान किया था। यह न सिर्फ भूपेन दा का बल्कि पूरे असम और भारत का अपमान था।”
“पूर्वोत्तर के घाव अब भी ताजा”
मोदी ने कहा कि कांग्रेस की गलतियों ने उत्तर-पूर्व को वर्षों तक पीड़ा दी।
“1962 के युद्ध के बाद नेहरू के शब्दों ने जो घाव दिए थे, वो आज भी भरे नहीं हैं। भाजपा सरकार उन घावों को भरने और उत्तर-पूर्व को नई दिशा देने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है।”
विकास की नई रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि कभी विकास के लिए संघर्ष करने वाला असम आज 13% की विकास दर से आगे बढ़ रहा है।
“भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और असम उसकी सबसे बड़ी ताकत बन रहा है। यह सफलता यहां के लोगों की मेहनत, आत्मविश्वास और डबल इंजन सरकार के प्रयासों का परिणाम है।”
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
