टीम इंडिया को जल्द मिलेगा नया जर्सी स्पॉन्सर, राजीव शुक्ला ने किया ऐलान

0
theheadlinetoday

Sport News Desk: भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों एशिया कप में बिना किसी प्रायोजक के खेल रही है। टीम इंडिया की जर्सी पर किसी भी कंपनी का लोगो नहीं है। दरअसल, बीसीसीआई और ऑनलाइन गेमिंग कंपनी ड्रीम11 के बीच हुआ 358 करोड़ रुपये प्रति वर्ष का करार रद्द हो चुका है। यह फैसला ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम 2025 के लागू होने के बाद लिया गया, जिसमें रियल मनी गेमिंग ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया है।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शनिवार को बताया कि नए जर्सी स्पॉन्सर का चयन अगले दो से तीन हफ्तों में हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर को निविदा प्रक्रिया बंद हो जाएगी और उसके बाद बोली लगाने वालों में से अंतिम चयन किया जाएगा।

शुक्ला ने साफ किया कि फिलहाल किसी कंपनी का नाम तय नहीं है, लेकिन कई बोलीदाता इस प्रक्रिया में शामिल हुए हैं। नियमों के तहत सट्टेबाजी, क्रिप्टोकरेंसी और शराब कंपनियों को बोली लगाने की अनुमति नहीं दी गई है।

कार्यक्रम के दौरान शुक्ला ने आईपीएल टिकटों पर बढ़ी जीएसटी दर को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि 500 रुपये का टिकट अब 700 रुपये और 2000 रुपये का टिकट 2800 रुपये का हो गया है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके बावजूद दर्शकों की संख्या पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा।

बीसीसीआई पर कर छूट के आरोपों को खारिज करते हुए शुक्ला ने कहा कि बोर्ड एक कॉर्पोरेट कंपनी की तरह आयकर और जीएसटी भरता है और सरकार से कोई आर्थिक अनुदान नहीं लेता।

महिला क्रिकेट पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बोर्ड लगातार प्रयास कर रहा है कि महिला खिलाड़ियों को अधिक मौके मिलें और उनके मैचों में दर्शकों की संख्या बढ़े। उन्होंने अपील की कि दर्शक बड़ी संख्या में महिला क्रिकेट को भी समर्थन दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *