कानपुर: ड्रोन की अफवाह से ग्रामीणों में दहशत, पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील
Central News Desk: घाटमपुर इलाके में पिछले दो दिनों से रहस्यमयी ड्रोन उड़ने की अफवाहों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। कई गांवों से पुलिस को लगातार फोन आ रहे हैं कि अज्ञात लोग ड्रोन उड़ाकर निगरानी कर रहे हैं और बदमाश गांवों के आसपास सक्रिय हैं। अफवाहों के चलते ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर रातभर गांव में गश्त कर रहे हैं।
सबसे पहले बरनाव गांव से सूचना आई कि दो संदिग्ध बदमाश पकड़े गए हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन जब पुलिस पहुंची तो वहां कोई सबूत नहीं मिला। इसके बाद राहा गांव से खबर फैली कि बदमाशों ने फायरिंग की और खेतों में खड़ी फसल भी खराब हो गई। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को न तो कोई बदमाश मिला और न ही फायरिंग का प्रमाण।
एसीपी घाटमपुर ने स्थिति पर बयान जारी करते हुए ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस की कई टीमें लगातार गांवों में भ्रमण कर रही हैं। अब तक किसी भी स्थान पर ड्रोन उड़ने या बदमाशों की गतिविधि का सबूत नहीं मिला है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर सीधे पुलिस को सूचना देने की सलाह दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह भी आशंका है कि किसी ने मजाक में या जानबूझकर अफवाह फैलाई, जिससे माहौल बिगड़ा। फिलहाल पुलिस गांव-गांव चौकसी बढ़ा रही है और स्थानीय लोगों के साथ संवाद कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास कर रही है।
news Journalist
