कानपुर: विवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने शव रखकर किया चौराहा जाम

0
theheadlinetoday

Central News Desk: कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में दहेज हत्या का मामला गरमा गया है। शुक्रवार को बारासिरोही में पूजा तिवारी नाम की विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला था। शनिवार को पति की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए परिजनों ने अशोक वाटिका चौराहा, केशवपुरम पर शव रखकर जाम कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया।

मृतका के पिता रामप्रसाद तिवारी, जो स्वरूप नगर थाने में होमगार्ड हैं, फूट-फूट कर रोते हुए बोले – “मेरी बेटी को जानवरों की तरह पीटा जाता था। दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाता और आखिरकार मारकर फंदे पर लटका दिया गया।” उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन सुबह बेटी ने वीडियो कॉल कर पति हिमांशु की मारपीट की आपबीती सुनाई थी, जिसके कुछ घंटों बाद ही उसका शव लटका मिला।

आक्रोशित भीड़ ने शव रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मृतका के चाचा ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की धमकी दी।

एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मृतका के सास-ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पति हिमांशु की तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी हिरासत में लिया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा और महिला उत्पीड़न की भयावह तस्वीर सामने लाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *