कुली ने बनाया 100 करोड़ क्लब का रिकॉर्ड, रजनीकांत के करियर के 50 साल पर मिली डबल सेलिब्रेशन की खुशी
Entertainment News Desk: सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ ने रिलीज के दूसरे ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। 14 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 65 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी और आज, 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर, यह 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई।
दूसरे दिन फिल्म ने 36.06 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे कुल भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 101.06 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। तमिल वर्जन ने सबसे मजबूत प्रदर्शन करते हुए 44.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली, जबकि तेलुगु में 15.5 करोड़, हिंदी में 4.5 करोड़ और कन्नड़ में 50 लाख रुपये की कमाई हुई।

यह दिन रजनीकांत के लिए बेहद खास रहा क्योंकि आज उन्हें सिनेमा जगत में 50 साल पूरे हो गए। इस मौके पर उनके फैंस ने फिल्म को सेलिब्रेशन का हिस्सा बना दिया। दोहरे जश्न – स्वतंत्रता दिवस और रजनीकांत के गोल्डन जुबली फिल्मी सफर – ने टिकट खिड़कियों पर दर्शकों की भीड़ बढ़ा दी।
ओपनिंग डे पर फिल्म ने वर्ल्डवाइड 150 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन के साथ रिकॉर्ड बना दिया। मेकर्स के अनुसार, यह पहले दिन वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म बन गई है।
लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी ‘कुली’ में रजनीकांत के साथ आमिर खान का खास कैमियो है। इसके अलावा नागार्जुन, उपेंद्र, सत्यराज और श्रुति हासन जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। नागार्जुन और आमिर खान की स्क्रीन उपस्थिति और लुक्स की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
फिल्म की सफलता ने साफ कर दिया है कि रजनीकांत का क्रेज आज भी उतना ही कायम है, और ‘कुली’ आने वाले दिनों में और कई बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
