स्वतंत्रता दिवस पर ABVP की भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ कानपुर
Central News Desk: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) कानपुर उत्तर जिला इकाई द्वारा मंगलवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा DAV डिग्री कॉलेज से प्रारंभ होकर देशभक्ति के नारों और उत्साह के बीच JNK इंटर कॉलेज में संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर सैकड़ों कार्यकर्ता और छात्र तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति और संदेश
इस मौके पर ABVP कानपुर प्रांत की प्रांत मंत्री सुश्री शिवा राजे बुंदेला और SFS प्रांत संयोजक श्री अमित शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रांत मंत्री ने उपस्थित छात्रों और कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस के स्वर्णिम महत्व और आज़ादी के संघर्ष की गौरवगाथा के बारे में प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि यह दिवस हमें न केवल अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर देता है, बल्कि देश सेवा के संकल्प को भी सुदृढ़ करता है।

राष्ट्रीय पुनर्निर्माण ही मुख्य उद्देश्य
जिला पालक राघवेंद्र ने The Headline Today के पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी तिरंगा यात्रा का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय पुनर्निर्माण है। यह संगठन छात्रों को संगठित करके, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है। साथ ही यह छात्रों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जगाने का भी काम करता है।
देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
तिरंगा यात्रा में जिला संयोजक प्रथमेश, DAV इकाई अध्यक्ष विनायक, संगठन मंत्री उपेंद्र, कृष्णा, ओमनारायण, प्रखर, सूरज, समीर, प्रियांशु, सुशांत, हर्षित समेत अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन JNK इंटर कॉलेज में हुआ, जहां सभी ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ देश की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया। यह तिरंगा यात्रा न केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव थी, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम की ऊर्जा और जागरूकता का संदेश भी लेकर आई।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
