प्रयागराज में भारी वर्षा के चलते 7 अगस्त तक सभी स्कूल बंद, जिलाधिकारी के निर्देश पर आदेश जारी
Central news Desk: जनपद प्रयागराज में लगातार हो रही भारी वर्षा और उसके कारण उत्पन्न जलभराव तथा अन्य दुष्प्रभावों को देखते हुए जिलाधिकारी प्रयागराज के निर्देश पर सभी स्कूलों को 7 अगस्त 2025 तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

कक्षा प्री-प्राइमरी से 12 तक के सभी बोर्डों के स्कूल होंगे बंद
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश संख्या 7220-26 / 2025-26 दिनांक 4 अगस्त 2025 के अनुसार, जनपद प्रयागराज में संचालित सभी बोर्डों के विद्यालय – चाहे वे बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE), संस्कृत बोर्ड या कोई अन्य बोर्ड से संबंधित हों – कक्षा प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के लिए बंद रहेंगे।
आदेश 5 अगस्त से प्रभावी, 7 अगस्त तक लागू
यह अवकाश 5 अगस्त 2025 से प्रभावी होगा और 7 अगस्त 2025 तक सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। आदेश में सभी संबंधित विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि वे उक्त आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें।

बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
जिलाधिकारी की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि भारी बारिश की वजह से कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे बच्चों की आवागमन में कठिनाई और दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में यह कदम सावधानी और सुरक्षा के दृष्टिकोण से उठाया गया है।
सूचना सभी माध्यमों से प्रसारित करने के निर्देश
आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है और समस्त समाचार पत्रों व मीडिया संस्थानों से अनुरोध किया गया है कि वे इस सूचना को निःशुल्क प्रकाशित करें ताकि जनमानस तक यह जानकारी समय रहते पहुंच सके।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
