Sonia Gandhi Health Update: पेट में तकलीफ के चलते सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती, निगरानी में हैं डॉक्टर

CentralNews Desk: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को पेट संबंधी समस्या के चलते दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उन्हें गैस्ट्रो विभाग में भर्ती किया गया है और फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
शिमला में भी करवा चुकी हैं जांच
करीब एक सप्ताह पहले शिमला प्रवास के दौरान भी सोनिया गांधी की तबीयत को लेकर हलचल हुई थी। वे अचानक इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC), शिमला पहुंचीं थीं, जहां डॉक्टरों ने उनका रूटीन चेकअप किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया था कि यह केवल एहतियातन जांच थी और सभी टेस्ट सामान्य पाए गए थे। जांच के बाद सोनिया गांधी छराबड़ा स्थित बेटी प्रियंका गांधी के आवास लौट गई थीं।

क्या बोले थे डॉक्टर
IGMC के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने उस समय बताया था कि सोनिया गांधी केवल नियमित जांच के लिए अस्पताल आई थीं और उनकी सेहत को लेकर कोई विशेष चिंता की बात नहीं थी। शिमला में उनकी अस्पताल यात्रा के दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना समेत कई अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे थे।
अब दिल्ली में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में
ताजा अपडेट के अनुसार, सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों की एक विशेष टीम सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। उन्हें फिलहाल अस्पताल में ही रखा गया है और इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।

Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.