पुर्तगाल में पहली बार भारतीय गैंगस्टरों के बीच गैंगवॉर, रणदीप मलिक ने ली जिम्मेदारी
Delhi News Desk: विदेशों में सक्रिय भारतीय गैंगस्टरों की आपसी दुश्मनी अब पुर्तगाल तक पहुंच गई है। यहां ओडिवेलस (लिस्बन) इलाके में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रणदीप मलिक ने प्रतिद्वंदी रोमी और प्रिंस के ठिकाने पर फायरिंग करवाई। सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट और वीडियो में उसने इस हमले की जिम्मेदारी भी ली। हालांकि पुर्तगाल पुलिस फिलहाल जांच कर रही है और इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
सोशल मीडिया पर धमकी भरा संदेश
रणदीप मलिक की ओर से जारी पोस्ट में लिखा गया –
“जय श्री राम, सत श्री अकाल, राम राम सभी भाइयों को… आज पुर्तगाल में हुई फायरिंग लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने करवाई है। रोमी और प्रिंस अपना काम बंद कर दें। जिसको हमने कॉल की है, अगर उसने इग्नोर किया तो अगली बार सीधे गोली ही मिलेगी।”
इसके साथ ही पोस्ट में कई दुश्मन गैंगस्टरों के नाम और मारे गए गैंग के सदस्यों का जिक्र भी किया गया।

कौन है रणदीप मलिक?
रणदीप मलिक हरियाणा का रहने वाला है और NIA का वांटेड अपराधी है। उसका नाम पहले भी कई बड़ी वारदातों में आ चुका है। गुड़गांव के एक बार और चंडीगढ़ स्थित पंजाबी सिंगर बादशाह के रेस्तरां के बाहर हुए ब्लास्ट में उसका नाम सामने आया था। अब पुर्तगाल की इस वारदात से उसका नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी चर्चा में है।
विदेशों में गैंगवॉर का फैलता नेटवर्क
लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उसके अलायंस ने पिछले दो सालों में विदेशों में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है।
- कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर दो बार फायरिंग हुई।
- कनाडा में ही विरोधी गैंग के सोनू चिट्ठा की हत्या और आतंकी सुक्खा दूनी की हत्या (2024)।
- निज्जर हत्याकांड का आरोप भी बिश्नोई गैंग पर लगा था।
- पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल और एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित घरों पर फायरिंग और आगजनी।
- कनाडा में एक गोल्ड कारोबारी के बंगले पर हमला।
- अमेरिका के कैलिफोर्निया में ड्रग माफिया सुनील यादव की हत्या।
पुर्तगाल पुलिस अलर्ट
पुर्तगाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और गैंगस्टरों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। यह पहली बार है जब पुर्तगाल में भारतीय गैंगस्टरों के बीच सीधी गैंगवॉर की घटना सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि भारतीय गैंग अब यूरोप में भी अपनी जड़ें मजबूत कर रहे हैं, जिससे भविष्य में और गंभीर घटनाओं की आशंका है।
news Journalist
