नेशनल हेराल्ड मामला: ईडी का दावा – सोनिया और राहुल ने अर्जित की 142 करोड़ की आपराधिक आय
ईडी ने अदालत में कहा – मनी लॉन्ड्रिंग का बनता है प्रथमदृष्टया मामला, कांग्रेस ने दानदाताओं के साथ की धोखाधड़ी
Central News Desk: नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर बड़ा आरोप लगाते हुए दिल्ली की एक अदालत को बताया कि उन्होंने यंग इंडियन कंपनी के जरिए 142 करोड़ रुपये की आपराधिक आय अर्जित की है। ईडी ने दावा किया है कि यह आय मुख्य रूप से किराये से अर्जित की गई और इसके पीछे सुनियोजित आपराधिक साजिश है।
ईडी के अनुसार, यंग इंडियन को एक विशेष उद्देश्य के तहत खड़ा किया गया, ताकि एसोसिएट्स जर्नल लिमिटेड (AJL) की लगभग 2,000 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर नियंत्रण हासिल किया जा सके। इस योजना में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा, सुमन दुबे सहित सात आरोपी शामिल बताए गए हैं।

विशेष जज विशाल गोगने की अदालत में एएसजी एसवी राजू और ईडी के विशेष वकील जोहेब हुसैन ने बताया कि यंग इंडियन का गठन सार्वजनिक धन को निजी हितों में प्रयोग करने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने कहा कि मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की स्पष्ट रूपरेखा दिखाई देती है।
अदालत ने इस मामले में सुनवाई के लिए 2 जुलाई से 8 जुलाई तक की तारीख तय की है और इस दौरान रोजाना बहस होगी। वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने बचाव पक्ष की ओर से बहस के लिए समय मांगा है क्योंकि आरोपपत्र करीब 5,000 पन्नों का है।
कांग्रेस दानदाताओं के साथ धोखाधड़ी की दोषी: ईडी का आरोप
ईडी ने कोर्ट को बताया कि कांग्रेस पार्टी ने जनता से दान लेकर उसे व्यवसायिक उद्देश्यों में उपयोग किया, जो कि सीधे-सीधे दानदाताओं के साथ धोखाधड़ी है। कोर्ट ने इस पर गंभीरता से विचार करते हुए पूछा कि क्या AJL की संपत्तियों पर उसके शेयरधारकों का ही अधिकार है और वर्तमान में उसका मालिक कौन है।
जोहेब हुसैन ने अदालत को जानकारी दी कि यदि कोई संपत्ति किसी और के नाम पर है, और उसे कोई दूसरा हड़प लेता है, तो वह आपराधिक आय में परिवर्तित हो जाती है – भले ही वह पहले साफ-सुथरी क्यों न रही हो।
राहुल गांधी को चुप कराने की कोशिश: कांग्रेस
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई असल में राहुल गांधी को चुप कराने का प्रयास है, जिन्होंने हाल ही में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ऑपरेशन सिंदूर को लेकर तीखे सवाल पूछे थे। खेड़ा ने कहा, “सरकार केंद्रीय एजेंसियों जैसे ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का दुरुपयोग करके राहुल गांधी को डराने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम डरेंगे नहीं।”

“जब लूटा है तो लौटाना भी होगा”: भाजपा
इस मामले में भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अब जवाब देना होगा कि कैसे उन्होंने जनता की 5,000 करोड़ रुपये की संपत्ति से लाभ उठाया। उन्होंने तीखा बयान देते हुए कहा, “जब लूटा है तो लौटाना भी होगा।”
मामला अभी अदालत में विचाराधीन है। सभी पक्षों को न्यायपालिका के समक्ष अपना पक्ष रखने का पूरा अधिकार प्राप्त है। अंतिम निर्णय अदालत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
