कुलगाम मुठभेड़: 9वें दिन भी जारी आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन, दो जवान शहीद, छह घायल
अखल के जंगलों में आतंकवादियों की घेराबंदी
Central News Desk: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल जंगल क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार नौवें दिन भी जारी है। बीती रात सेना और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें भारतीय सेना के लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह शहीद हो गए, जबकि छह जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को तुरंत निकटवर्ती सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
उच्च तकनीक से हो रही निगरानी
घने जंगल और दुर्गम इलाके को देखते हुए सुरक्षा बल अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हाई-टेक ड्रोन और सेना का ‘रुद्र’ हेलिकॉप्टर लगातार हवाई निगरानी कर रहे हैं, जिससे आतंकियों की गतिविधियों पर 24×7 नजर रखी जा रही है और रणनीति उसी आधार पर तय की जा रही है।
आतंकियों के बच निकलने की कोई संभावना नहीं
सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया गया है। जवान एक-एक ठिकाने की गहन तलाशी ले रहे हैं। लंबे समय से चल रहे इस ऑपरेशन से साफ है कि आतंकी अच्छी तरह से छिपे हुए हैं और उन्हें बाहर निकालने में समय लग रहा है। सुरक्षा बल नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर कदम फूंक-फूंक कर रख रहे हैं।
अब तक तीन आतंकी ढेर
1 अगस्त से चल रहे इस ऑपरेशन में अब तक तीन आतंकियों को मार गिराया गया है, हालांकि केवल एक का शव बरामद हो सका है। माना जा रहा है कि बाकी आतंकी अब भी इलाके में छिपे हुए हैं, जिसके चलते ऑपरेशन जारी है।
शहीदों को श्रद्धांजलि
चिनार कोर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा — “चिनार कोर राष्ट्र के लिए कर्तव्य निभाते हुए बहादुर लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करता है। उनका साहस और समर्पण हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।”
रक्षाबंधन से पहले मिली इस दुखद खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया है। बहनों के लिए यह दिन भारी हो गया, लेकिन देश इनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और आतंकियों के खिलाफ और भी दृढ़ता से कार्रवाई करेगा।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
