कानपुर में छात्रा की मौत से मचा कोहराम: पिता बोले “हमार चिरइया उड़ि गई, इंसाफ हर हाल में चाही”
Central News Desk: कानपुर के आवास विकास-एक, केशवपुरम इलाके में रहने वाली कक्षा नौ की छात्रा संस्कृति की ट्रेन से कटकर हुई मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। सोमवार को हुई इस दर्दनाक घटना के बाद मंगलवार को छात्रा का पोस्टमॉर्टम किया गया, जिसमें अधिक रक्तस्त्राव को मौत का कारण बताया गया।
पिता का दर्द और इंसाफ की गुहार
संस्कृति के पिता मुकुल आनंद फूट-फूटकर बोले – “हमार चिरइया उड़ि गई, अब हम कइसे जियब… हमका हर हाल मा इंसाफ चाही।” उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल वालों ने उनकी बेटी से उसका हक छीन लिया और अपमानित किया। पिता ने कहा कि अंतिम संस्कार के बाद वे थाने जाकर तहरीर देंगे और दोषियों को सजा दिलाएंगे।

मां ने सुनाई पूरी घटना
छात्रा की मां साधना के अनुसार, सोमवार को संस्कृति स्कूल बैग में बुके और चॉकलेट लेकर गई थी। लेकिन स्कूल में एक टीचर ने उसे सबके सामने डांट दिया और बाद में मां को भी स्कूल बुलाया गया। इससे बेटी गहरे अवसाद में चली गई। गोल चौराहे पर उसने मां को घर भेज दिया और कुछ देर बाद खुदकुशी कर ली।
परिवार का मातम और आक्रोश
पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुंचा, दादी अनीता और मामी शव से लिपटकर बिलखने लगीं। बाबा राजेश ने कहा कि वे जिलाधिकारी से एफआईआर दर्ज कराने की मांग करेंगे। पूरा परिवार न्याय की गुहार में है।
स्कूल प्रबंधन का पक्ष
ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन स्कूल के प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। लेकिन परिवार का कहना है कि वे दोषियों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ेंगे।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
