एशिया कप विवाद: सूर्यकुमार यादव से लेकर हारिस रऊफ तक

0
Suryakumar-Yadav-

ICC ने सुनाया बड़ा फैसला

SPORT NEWS DESK: एशिया कप 2025 के भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में पैदा हुए विवादों पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मंगलवार को अपना फैसला सुनाया। दोनों देशों के खिलाड़ियों पर आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की गई है.

सूर्यकुमार यादव पर 30% जुर्माना और दो डिमेरिट अंक

14 सितंबर के ग्रुप स्टेज मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत को पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को समर्पित किया और भारतीय सेना के प्रति सम्मान जताया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसे “राजनीतिक बयान” बताते हुए शिकायत दर्ज की थी।
ICC ने अनुच्छेद 2.21 (खेल को बदनाम करने वाले आचरण) के तहत सूर्यकुमार को दोषी पाया। उन पर मैच फीस का 30% जुर्माना और दो डिमेरिट अंक लगाए गए हैं।

हारिस रऊफ पर दो मैचों का बैन और चार डिमेरिट अंक

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को सबसे कड़ी सजा मिली। उन्होंने भारत के खिलाफ मैचों के दौरान “6-0” का विवादास्पद इशारा किया और विमान गिराने जैसी हरकत की।
ICC ने उन पर दो मैचों के लिए प्रतिबंध, साथ ही दो-दो डिमेरिट अंक (कुल चार) और 30% जुर्माना लगाया है। मामला बीसीसीआई की शिकायत पर उठा था और सुनवाई मैच रेफरी रिची रिचर्डसन की अध्यक्षता में हुई.

साहिबजादा फरहान को चेतावनी और एक डिमेरिट अंक

एशिया कप में “गन सेलिब्रेशन” करने पर पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को आधिकारिक चेतावनी दी गई और एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया। ICC ने कहा कि उनका व्यवहार खेल भावना के अनुरूप नहीं था।

जसप्रीत बुमराह को भी चेतावनी

फाइनल मैच में आचार संहिता के उल्लंघन पर भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अनुच्छेद 2.21 के तहत दोषी पाया गया। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें आधिकारिक चेतावनी और एक डिमेरिट अंक दिया गया।

ICC का संदेश स्पष्ट:

ICC ने बयान में कहा कि “खेल को राजनीति या विवाद से दूर रखना सभी खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हर खिलाड़ी का आचरण क्रिकेट की छवि को प्रभावित करता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *