ट्रंप बोले – “भारत और पीएम मोदी के काफ़ी करीब हूं”, लंदन में स्टॉर्मर संग मुलाक़ात के बाद बड़ा बयान
Central News Desk: लंदन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के बीच मंगलवार को चेकर्स में एक अहम द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “मैं भारत के काफी करीब हूं और मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी करीब हूं। हाल ही में मेरी उनसे बातचीत हुई है और मैंने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी। हमारे रिश्ते काफी अच्छे हैं और उन्होंने भी बहुत सुंदर बयान दिया।”
मोदी के जन्मदिन पर ट्रंप की शुभकामनाएँ
दो दिन पहले ही ट्रंप ने पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर फोन कर बधाई दी थी। उन्होंने ट्रूथ सोशल पर लिखा, “अभी-अभी मेरे मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। मैंने उन्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। नरेंद्र: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद!”
यह फोन कॉल दोनों नेताओं के बीच लंबे समय बाद हुई बातचीत मानी जा रही है।
मोदी ने भी दिया जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्रंप की शुभकामनाओं का धन्यवाद देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “मेरे 75वें जन्मदिन पर फोन कॉल और बधाई देने के लिए धन्यवाद मेरे दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप। आपकी ही तरह मैं भी भारत और अमेरिका के बीच व्यापक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। हम यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में आपकी पहल का समर्थन करते हैं।”
रिश्तों में नई गर्मजोशी
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बातचीत और ट्रंप के बयानों से संकेत मिलते हैं कि भारत-अमेरिका रिश्तों में नई गर्मजोशी लौट रही है। हाल ही में दोनों देशों के बीच ट्रेड टॉक्स भी बहाल हुए हैं। ट्रंप और मोदी की नजदीकियों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि आने वाले समय में रणनीतिक और आर्थिक सहयोग और गहरा होगा।
news Journalist
