बिहार के पूर्णिया से पीएम मोदी का बड़ा हमला: घुसपैठ, ‘बीड़ी’ बयान और विकास योजनाओं पर विपक्ष को घेरा
Bihar News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के पूर्णिया से राज्य को 36 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर बिहारियों की तुलना ‘बीड़ी’ से करने पर कड़ा एतराज जताते हुए इसे “बिहार का अपमान” करार दिया। साथ ही उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे को राष्ट्रीय सुरक्षा और डेमोग्राफिक संकट से जोड़ते हुए एनडीए सरकार की प्राथमिकता बताया।
10 बड़ी बातें पीएम मोदी के भाषण की
परिवारवाद पर प्रहार – पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और राजद सिर्फ अपने परिवार की राजनीति करती है, जबकि भाजपा और एनडीए के लिए जनता ही परिवार है। उन्होंने कहा, “मोदी कहता है- सबका साथ, सबका विकास।”
घुसपैठ पर दो टूक – पीएम मोदी ने कहा, “कान खोलकर सुन लो, हर घुसपैठिए को देश से बाहर जाना होगा। चाहे जितनी ताकत लगा लो, घुसपैठियों को जाना ही होगा।” उन्होंने कांग्रेस और राजद पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया।
डेमोग्राफी मिशन का जिक्र – पीएम मोदी ने सीमांचल और पूर्वी भारत की बदलती जनसांख्यिकी को गंभीर खतरा बताते हुए लाल किले से घोषित “डेमोग्राफी मिशन” को याद दिलाया।
महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण – राजद शासनकाल को “अंधकार का दौर” बताते हुए कहा कि उस समय महिलाएं सबसे अधिक अपराध की शिकार थीं, जबकि आज “लखपति दीदी” और “ड्रोन दीदी” जैसे कार्यक्रमों से वे आत्मनिर्भर हो रही हैं।
आवास योजना की सौगात – पीएम ने बताया कि 40 हजार लाभार्थियों को आवास योजना का लाभ मिला है। अब तक 4 करोड़ गरीबों को घर दिए गए हैं और 3 करोड़ और घर बनाने का काम जारी है।
बीड़ी बयान पर हमला – कांग्रेस के एक नेता द्वारा बिहारियों की तुलना कथित तौर पर बीड़ी से करने को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि यह बिहारियों का बड़ा अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद की राजनीति ने बिहार की साख को नुकसान पहुंचाया है।
माताओं-बहनों को नमन – पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस-राजद के सत्ता से बाहर होने का श्रेय बिहार की महिलाओं को जाता है। उन्होंने कहा, “मैं बिहार की माताओं और बहनों को विशेष नमन करता हूं।”
राहुल गांधी पर तंज – पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज जो बिहार में आकर चक्कर काट रहे हैं, उन्होंने पहले मखाने का नाम तक नहीं सुना होगा।
मखाना बोर्ड का ऐलान – पीएम ने राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की अधिसूचना जारी होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मखाना किसानों को बेहतर कीमत दिलाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए 475 करोड़ की योजनाएं मंजूर की गई हैं।
गरीबों के लिए योजनाओं का जिक्र – प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत, मुफ्त अनाज और सीधे खाते में पैसे ट्रांसफर जैसी योजनाओं की चर्चा की और पूछा कि क्या कांग्रेस-राजद की सरकार में ये सुविधाएं संभव थीं?
news Journalist
