बशीरतगंज व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

0
theheadlinetoday

Unnao News Desk: भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी के नेतृत्व में बशीरतगंज बाजार के सैकड़ों व्यापारियों ने सोमवार को बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

व्यापारियों का कहना है कि मेरठ से प्रयागराज जाने वाला गंगा एक्सप्रेसवे लखनऊ–कानपुर हाइवे को क्रॉस करता हुआ बन रहा है। इसके चलते बशीरतगंज का ऐतिहासिक मार्ग, जो कभी लखनऊ–कानपुर हाइवे हुआ करता था, पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया जा रहा है।

यह मार्ग थोक व्यापारिक मंडी और आसपास के सैकड़ों गांवों के लिए संपर्क का प्रमुख साधन है। इसी रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चे भी आवागमन करते हैं। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर हाइवे तक जाना पड़ेगा।

व्यापारियों ने प्रशासन से लखनऊ–कानपुर हाइवे से जुड़ने वाले बशीरतगंज मार्ग पर अंडरपास निर्माण की मांग की है। जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी ने कहा कि यदि अंडरपास नहीं बनाया गया तो व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

विरोध प्रदर्शन में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी कमल गुप्ता, निर्भय सिंह, बब्लू गुप्ता, पवन तनेजा, अखिल मिश्रा, सुमित गुप्ता, इंदरजीत सिंह, अनुराग मोहन, निशेष जायसवाल, अजय गुप्ता, उमेश पाल, विनय गुप्ता, आकाश गुप्ता, अनिल विकाश, अमर, राजा, शिवा, संदीप, नीरज, विकाश वर्मा सहित भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *