बाराबंकी में रामस्वरूप यूनिवर्सिटी पर चला बुलडोजर: अवैध कब्जे पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई, लाठीचार्ज विवाद के बाद गरमाया माहौल
Lucknow News Desk: श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी बाराबंकी शनिवार को प्रशासनिक कार्रवाई का गवाह बनी। दो बुलडोजरों के साथ पहुंची तहसील व राजस्व विभाग की टीम ने ग्रामसभा की जमीन पर बने नवनिर्मित एनिमल हाउस, एक कमरे और बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उस समय हुई है, जब अभी कुछ दिन पहले ही इसी यूनिवर्सिटी परिसर में पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी छात्रों पर लाठीचार्ज किया था।

बुलडोजर चला, ध्वस्त हुआ एनिमल हाउस
दोपहर 12 बजे से जमीन की पैमाइश शुरू हुई और करीब 3:30 बजे बुलडोजर अंदर ले जाया गया। ग्रामसभा की जमीन पर बने 400 वर्गमीटर के एनिमल हाउस को खाली कराकर ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा कुछ ही दूरी पर बने एक कमरे और बाउंड्रीवॉल को भी गिरा दिया गया। प्रशासन के मुताबिक, यूनिवर्सिटी ने करीब 2 हेक्टेयर ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था।
17 साल से कब्जे की शिकायतें, आखिरकार हुई कार्रवाई
खूजर गांव के प्रधान रामनाथ यादव लगातार 17 साल से अफसरों से शिकायत कर रहे थे। तालाब, चकमार्ग और नाली की जमीन पर कब्जे के आरोप भी लगाए गए। कई बार पत्राचार हुआ, लेकिन कार्रवाई टलती रही। 1 सितंबर को हुए छात्र विरोध और पुलिस लाठीचार्ज के बाद प्रशासन हरकत में आया और बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई।

एबीवीपी–छात्रों का गुस्सा और सरकार पर निशाना
1 सितंबर को हुए लाठीचार्ज में दर्जनों छात्र घायल हुए थे। छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी 4 साल से एग्जाम नहीं करा रही और बिना मान्यता के एडमिशन ले रही है। यही नहीं, एबीवीपी छात्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी नारेबाजी की और भाजपा के वन नेशन वन इलेक्शन छात्र सम्मेलन को स्थगित करना पड़ा।

FIR और राजनीतिक हलचल
3 सितंबर को अपर सचिव उच्च शिक्षा परिषद डॉ. दिनेश कुमार की तहरीर पर यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और दस्तावेजों में हेरफेर समेत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। वहीं, बवाल के बाद सरकार के मंत्रियों और दोनों डिप्टी सीएम ने घायल छात्रों से मुलाकात की और पुलिस कार्रवाई की आलोचना की।

माहौल गरम, आंदोलन तेज
एबीवीपी का आरोप है कि छात्रों के भविष्य के साथ 17 साल से खिलवाड़ किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन, प्रशासन और सरकार के बीच खिंची रस्साकशी से प्रदेश की छात्र राजनीति गरमा गई है। बुलडोजर कार्रवाई ने माहौल को और उग्र बना दिया है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
