IND vs PAK: पहलगाम पीड़ितों के नाम, जीत का पैगाम… ऑपरेशन ‘व्हाइट बॉल’ में पाकिस्तान ढेर
Sport News Desk: दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए एशिया कप 2025 के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। दुनिया भर के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी थीं, लेकिन टीम इंडिया के दमदार खेल के आगे पाकिस्तान पूरी तरह बिखर गया। यह मुकाबला ऑपरेशन ‘व्हाइट बॉल’ की तरह रहा, जिसमें भारतीय टीम ने गेंद और बल्ले से पाकिस्तान को ध्वस्त कर दिया।
भारत की धमाकेदार बल्लेबाजी
पाकिस्तान के 128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ही तूफानी रही। ओपनर अभिषेक शर्मा ने शाहीन अफरीदी की पहली दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर दबदबा बना दिया। उन्होंने 13 गेंदों पर 31 रन बनाए। शुभमन गिल (10) जल्दी आउट हुए, लेकिन तिलक वर्मा (31) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (47)* ने तीसरे विकेट के लिए 56 रन की अहम साझेदारी की।
कप्तान सूर्या ने अंत तक टिककर रहते हुए 37 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए और छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। उनके साथ शिवम दुबे (10)* नाबाद रहे। भारत ने सिर्फ 15.5 ओवर में 131 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।

सूर्यकुमार यादव का बड़ा बयान
मैच जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा—
“हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं। यह जीत भारतीय सेना और देशवासियों को समर्पित है।”
सूर्या ने आगे कहा कि टीम इंडिया हर मैच को समान महत्व देती है, लेकिन इस बार भावनाएं अलग थीं क्योंकि यह जीत देश की वीरता और एकता को समर्पित थी।
भारतीय गेंदबाजों का जलवा
दुबई की धीमी पिच पर भारतीय गेंदबाजों ने कमाल दिखाया। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला भारी पड़ा।
- हार्दिक पांड्या की गेंद पर पहले ही ओवर में पाकिस्तान को झटका लगा।
- जसप्रीत बुमराह ने भी शुरुआती विकेट लिया और पावरप्ले में पाकिस्तान बैकफुट पर चला गया।
इसके बाद भारतीय स्पिन तिकड़ी ने कहर बरपाया—
- कुलदीप यादव – 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट
- अक्षर पटेल – 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट
- वरुण चक्रवर्ती – 1 विकेट
जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए जबकि हार्दिक को भी 1 सफलता मिली। पाकिस्तान की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन ही बना सकी।
पाकिस्तानी बल्लेबाजी का हाल
पाकिस्तान के लिए सिर्फ साहिबजादा फरहान (40 रन) और शाहीन अफरीदी (33 रन, 4 छक्के) ही संघर्ष कर पाए। अगर शाहीन ने आख़िरी ओवरों में तेज़ पारी न खेली होती, तो पाकिस्तान 100 रन भी नहीं बना पाता
इस जीत के साथ ही भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को संदेश दे दिया है कि चाहे सरहद हो या क्रिकेट का मैदान, भारत हर मोर्चे पर भारी है। ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की सैन्य सफलता के बाद अब टीम इंडिया का यह ‘ऑपरेशन व्हाइट बॉल’ देशवासियों के लिए गर्व का पल है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
